RBI का बड़ा कदम! पैसे ट्रांसफर करने के नियमों में बड़ा बदलाव, अब इन शर्तों के बिना नहीं होगा एक भी ट्रांजैक्शन

RBI Domestic Money Transfer Rules: क्या आप भी बिना बैंक खाते के कैश ट्रांसफर करते हैं? भारतीय रिजर्व बैंक ने डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर के नियमों को पूरी तरह बदल दिया है। नए दिशा-निर्देशों के तहत अब कैश पे-आउट की लिमिट ₹10,000 और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट के जरिए कैश पे-इन की सीमा ₹5,000 तय की गई है। ग्राहकों की सुरक्षा और डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए RBI के इन नए नियमों में क्या-क्या बदला है? जानिए

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 1:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ये नियम सभी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंकों और अधिकृत पेमेंट सिस्टम ऑपरेटर्स पर लागू होंगे

RBI Domestic Money Transfer Rules 2026: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के भीतर पैसे भेजने यानी डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर (DMT) से जुड़े नियमों को एक जगह समेटते हुए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 'RBI (Domestic Money Transfer) Directions, 2026' नाम से 11 नवंबर को जारी किए गए ये नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

इन नए नियमों का उद्देश्य बैंकों और पेमेंट सिस्टम ऑपरेटर्स के लिए कैश-आधारित मनी ट्रांसफर की लिमिट, ग्राहक सत्यापन (KYC), ऑथेंटिकेशन और संदिग्ध लेनदेन की निगरानी को और अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनाना है। खास तौर पर प्रवासी मजदूरों और सीमित दस्तावेजों वाले लोगों को औपचारिक बैंकिंग चैनल के जरिए छोटी राशि भेजने में इससे बड़ी सुविधा मिलती है। ये नियम सभी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंकों और अधिकृत पेमेंट सिस्टम ऑपरेटर्स पर लागू होंगे।

1. कैश पे-आउट: एक बार में ₹10,000 तक की लिमिट


कैश पे-आउट सर्विस के तहत, बैंक अपने किसी ग्राहक के खाते से ऐसे व्यक्ति को कैश डिलीवरी की सुविधा दे सकते हैं, जिसका बैंक में खाता नहीं है:

कहां से मिलेगा पैसा: लाभार्थी ATM, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) या किसी अन्य अधिकृत पेमेंट चैनल के जरिए यह नकदी प्राप्त कर सकता है।

ट्रांजैक्शन लिमिट: प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम सीमा ₹10,000 तय की गई है, जबकि प्रति लाभार्थी मासिक सीमा ₹25,000 होगी। पैसा भेजने वाले बैंक को लाभार्थी का नाम और पता रिकॉर्ड में रखना अनिवार्य होगा।

2. कैश पे-इन: BC के जरिए ₹5,000 प्रति ट्रांजैक्शन

नकद पैसा जमा कर दूसरे के खाते में भेजने के लिए भी स्पष्ट सीमाएं तय की गई हैं:

बैंक ब्रांच से: बैंक शाखा में जाने वाले ग्राहक NEFT के जरिए लाभार्थी के बैंक खाते में ₹50,000 तक भेज सकते हैं।

BC और ATM से: बैंक अपने बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट्स (BC), एटीएम और अन्य अनुमत चैनलों के जरिए भी कैश-आधारित ट्रांसफर की सुविधा दे सकते हैं। इसके लिए प्रति ट्रांजैक्शन ₹5,000 और प्रति प्रेषक (Remitter) मासिक सीमा ₹25,000 निर्धारित की गई है।

3. मोबाइल वेरिफिकेशन, KYC और AFA अनिवार्य

सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए आरबीआई ने सत्यापन के कड़े नियम बनाए हैं:

KYC रजिस्ट्रेशन: BC और अन्य चैनलों के माध्यम से कैश-आधारित ट्रांसफर के लिए पैसा भेजने वाले को एक वेरिफाइड मोबाइल नंबर और स्व-सत्यापित आधिकारिक रूप से वैध दस्तावेज (OVD) के साथ रजिस्टर होना होगा। यह प्रक्रिया RBI KYC Directions, 2025 के अनुरूप होगी।

अतिरिक्त सुरक्षा (AFA): हर ट्रांजैक्शन को एडिशनल फैक्टर ऑफ ऑथेंटिकेशन (AFA) के जरिए प्रमाणित करना अनिवार्य होगा।

मैसेज में पूरी जानकारी: बैंकों को IMPS या NEFT ट्रांजैक्शन संदेश में पैसा भेजने वाले का विवरण शामिल करना होगा, साथ ही एक आइडेंटिफायर भी लगाना होगा जो यह दर्शाए कि यह एक कैश-आधारित रेमिटेंस है।

4. निगरानी और शिकायत निवारण

संदिग्ध लेनदेन पर नजर: बैंकों और नॉन-बैंक संस्थाओं को ट्रांजैक्शन वेलोसिटी चेक (लेनदेन की गति की जांच) और खाते में पैसा आने पर ग्राहक को अलर्ट भेजने जैसे सुरक्षा उपाय लागू करने होंगे। किसी खाते या खातों के समूह में अचानक असामान्य रूप से पैसा आने पर तुरंत जांच की जाएगी और संदिग्ध लेनदेन की सूचना संबंधित अधिकारियों को देनी होगी।

रियल-टाइम ट्रांसफर और शुल्क: आरबीआई को उम्मीद है कि इस ढांचे के तहत पैसे का ट्रांसफर रियल-टाइम या लगभग रियल-टाइम में पूरा होगा। बैंक और नॉन-बैंक इन सेवाओं के लिए उचित शुल्क ले सकते हैं।

लोकपाल योजना के तहत सुरक्षा: ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए उचित तंत्र बनाना होगा और ऐसी शिकायतें रिजर्व बैंक इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम, 2026 के दायरे में आएंगी।

पुराने सर्कुलर हुए समाहित, कार्ड-टू-कार्ड ट्रांसफर बाहर

ये नए दिशा-निर्देश आरबीआई के दो पुराने सर्कुलर- 5 अक्टूबर 2011 (DMT ढांचे में छूट से जुड़ा) और 24 जुलाई 2024 (ढांचे की समीक्षा से जुड़ा) को एक साथ मिलाकर उनकी जगह लेते हैं। ध्यान रहे कि कार्ड-टू-कार्ड ट्रांसफर को इन नए दिशा-निर्देशों से बाहर रखा गया है और वे पहले की तरह संबंधित पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स के नियमों से ही संचालित होते रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।