हर महीने ₹12750 की SIP और बन जाएगा ₹15 करोड़ का फंड! समझिए कंपाउंडिंग का पूरा कैलकुलेशन

हर महीने ₹12750 बचाकर क्या ₹15 करोड़ का रिटायरमेंट फंड बन सकता है। अगर कोई 20 साल की उम्र से 40 साल तक इक्विटी म्यूचुअल फंड में SIP करे और सालाना 12% रिटर्न मिले, तो कुल ₹61.20 लाख लगाकर ₹15 करोड़ जुट सकते हैं। जानिए देर से शुरुआत, कम रिटर्न और महंगाई इस हिसाब को कैसे बदल देते हैं।

अपडेटेड Nov 22, 2026 पर 7:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हर महीने ₹12750 बचाकर क्या ₹15 करोड़ का रिटायरमेंट फंड बन सकता है।

20 साल का एक युवा, जिसकी नई-नई नौकरी लगी है। वो हर महीने अपनी सैलरी से ₹12750 निकालकर इक्विटी म्यूचुअल फंड की SIP में डालना शुरू करता है और 60 साल का होने तक ये सिलसिला नहीं तोड़ता। रिटायरमेंट के दिन उसके हाथ में ₹15 करोड़ का फंड हो सकता है। सुनने में ये किसी सपने जैसा लगता है, लेकिन इसके पीछे कंपाउंडिंग का सीधा हिसाब है।

घर का खर्च, EMI और बाकी जिम्मेदारियों के बीच नौकरीपेशा लोगों को बड़ा रिटायरमेंट फंड बनाना अक्सर मुश्किल लगता है। लेकिन लंबा वक्त और कंपाउंडिंग साथ हों, तो हर महीने की SIP इस लक्ष्य तक पहुंचा सकती है। इसमें 3 बातें सबसे ज्यादा मायने रखती हैं: आप कितनी जल्दी शुरू करते हैं, हर महीने कितना लगाते हैं और आपके निवेश पर समय के साथ कितना रिटर्न मिलता है।

₹12750 की SIP कैसे बनेगी ₹15 करोड़


मान लीजिए कोई 20 साल की उम्र में इक्विटी म्यूचुअल फंड में हर महीने ₹12750 की SIP शुरू करता है और 60 साल की उम्र तक, यानी पूरे 40 साल, निवेश जारी रखता है। इस हिसाब में सालाना 12% रिटर्न माना गया है, जिसे हर महीने 1% की ग्रोथ के आधार पर कैलकुलेट किया गया है।

इन 40 सालों में वो अपनी जेब से कुल ₹61.20 लाख लगाएगा। इस रकम पर अनुमानित कमाई ₹14.39 करोड़ होगी और कुल फंड ₹15 करोड़ तक पहुंच सकता है। मतलब ₹1 करोड़ से भी कम लगाकर फंड 15 करोड़ का बन सकता है।

ये कैलकुलेशन इस बात पर टिका है कि पूरे 40 साल रिटर्न एक जैसी रफ्तार से मिलता रहे। असल जिंदगी में म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार से जुड़ा होता है और इसकी कोई गारंटी नहीं होती।

कंपाउंडिंग कैसे करती है कमाल

कंपाउंडिंग में आपको सिर्फ लगाए गए पैसे पर ही रिटर्न नहीं मिलता, बल्कि पहले से मिले रिटर्न पर भी रिटर्न मिलता है। इसे ऐसे समझिए जैसे एक छोटा पौधा, जो शुरू के सालों में धीरे-धीरे बढ़ता है और फिर कुछ सालों बाद तेजी से फैलकर पेड़ बन जाता है।

शुरुआती सालों में फंड छोटा होता है, इसलिए बढ़त धीमी दिखती है। निवेशक को अपने पैसे में मामूली बढ़ोतरी ही नजर आती है। लेकिन जैसे-जैसे फंड बड़ा होता जाता है, उस पर बनने वाला रिटर्न भी कहीं ज्यादा बड़ा हो जाता है। 20 या 30 साल बाद कुल फंड में कंपाउंडिंग का हिस्सा काफी बड़ा हो सकता है। इसीलिए लॉन्ग टर्म निवेश में वक्त सबसे बड़ा हथियार माना जाता है।

देर से शुरू किया तो कितनी SIP करनी होगी

हर कोई 20 साल की उम्र में निवेश शुरू नहीं कर पाता। अगर आप 25 या 30 साल की उम्र में शुरुआत करते हैं, तो 60 की उम्र तक ₹15 करोड़ जुटाने के लिए हर महीने ज्यादा पैसा लगाना होगा। यहां भी सालाना 12% रिटर्न वाला ही हिसाब माना गया है।

20 साल की उम्र में शुरू करने वाले के पास 40 साल होते हैं और उसे हर महीने ₹12750 की SIP करनी होगी। 25 साल की उम्र में शुरू करने पर 35 साल मिलते हैं और हर महीने ₹23325 लगाने होंगे।

30 की उम्र में शुरुआत करने वाले के पास 30 साल बचते हैं और उसे हर महीने ₹42920 की SIP करनी होगी। 35 की उम्र में शुरू करें तो 25 साल मिलते हैं और हर महीने की SIP ₹79840 तक पहुंच जाती है। ये आंकड़े बताते हैं कि निवेश सिर्फ 5 साल टालने से भी हर महीने की जरूरी रकम में बहुत बड़ा फर्क आ जाता है।

रिटर्न कम आया तो क्या होगा

म्यूचुअल फंड पर मिलने वाला रिटर्न कभी तय नहीं होता। शेयर बाजार ऊपर भी जाता है और नीचे भी, और असल रिटर्न उम्मीद से कम भी रह सकता है। 40 साल में ₹15 करोड़ जुटाने के लिए हर महीने कितनी SIP चाहिए, ये इस पर निर्भर करता है कि आप कितना रिटर्न मानकर चल रहे हैं।

अगर सालाना रिटर्न 12% मिले, तो हर महीने ₹12750 काफी हैं। रिटर्न 10% रहे तो यही लक्ष्य पाने के लिए हर महीने ₹23720 लगाने होंगे। और अगर रिटर्न 8% पर आ जाए, तो हर महीने की SIP ₹42970 करनी होगी।

इससे साफ होता है कि लॉन्ग टर्म के हिसाब-किताब में रिटर्न की दर कितनी अहम है। सालाना रिटर्न में छोटा सा फर्क भी आखिरी फंड में बड़ा अंतर पैदा कर सकता है।

क्या 40 साल बाद ₹15 करोड़ काफी होंगे

इस पूरे हिसाब में महंगाई को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। रहन-सहन का खर्च बढ़ने के साथ पैसे की कीमत घटती जाती है। अगर औसत महंगाई हर साल 6% मानी जाए, तो 40 साल बाद मिलने वाले ₹15 करोड़ की खरीदने की ताकत आज के करीब ₹1.46 करोड़ के बराबर होगी।

आज जो सामान ₹1.46 करोड़ में आता है, 40 साल बाद उसके लिए करीब ₹15 करोड़ चाहिए होंगे। इसलिए निवेशकों को सिर्फ बड़े फंड के आंकड़े पर नहीं, बल्कि आगे के खर्चों के हिसाब से अपनी रिटायरमेंट की जरूरत तय करनी चाहिए।

निवेशक इन बातों का रखें ध्यान

जल्दी शुरुआत करने से रिटायरमेंट प्लानिंग आसान हो जाती है, क्योंकि पैसे को बढ़ने के लिए ज्यादा वक्त मिलता है। जो लोग शुरू में बड़ी SIP नहीं कर सकते, वे आमदनी बढ़ने के साथ अपनी हर महीने की रकम धीरे-धीरे बढ़ाने के बारे में सोच सकते हैं।

ध्यान रहे कि इक्विटी म्यूचुअल फंड में बाजार का जोखिम होता है। आखिर में कितना पैसा बनेगा, ये असल रिटर्न, निवेश में अनुशासन और बाजार के हालात पर निर्भर करेगा। ₹15 करोड़ वाला ये हिसाब सिर्फ समझाने के लिए है, और इसमें टैक्स और बाकी खर्च नहीं जोड़े गए हैं। सबसे बड़ी सीख यही है कि जितनी जल्दी निवेश शुरू करेंगे, कंपाउंडिंग के जरिए आपके पैसे को बढ़ने के लिए उतना ज्यादा वक्त मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।