Russia Ukraine War: यूक्रेन (Ukraine) के एयर स्पेस बंद होने के बाद भारत ने कीव (Kyiv) के लिए विशेष उड़ानें (Special Flights) रद्द कर दी हैं और दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। हालांकि, एयर इंडिया (Air India) का एक विमान, पूर्वी यूरोपीय राष्ट्र से भारतीयों को वापस लाने के लिए गुरुवार सुबह यूक्रेन के लिए रवाना हुआ था, जो अब रूसी आक्रमण का सामना कर रहा है।
कीव में भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा, "यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को बंद करने के मद्देनजर विशेष फ्लाइटों को रद्द कर दिया गया है। भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। दूतावास की वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट और नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें।"
यूक्रेन के संबंध में भारत की तत्काल प्राथमिकता लगभग 20,000 नागरिकों, जिनमें ज्यादातर छात्र हैं, उनको निकालना होगा, लेकिन यह काम अब चुनौतीपूर्ण हो गया है।
कीव से भारतीयों को वापस लाने के लिए एयर इंडिया की एक विशेष उड़ान यूक्रेन के एयर स्पेस बंद होने पर हवा में थी। एयर इंडिया ने बताया, "एयर इंडिया की उड़ान AI1947, NOTAM, कीव, यूक्रेन में वापस दिल्ली आ रही है।"
यह एयर इंडिया की दूसरी उड़ान थी, जिसे फंसे हुए भारतीय नागरिकों को वापस लाना था। भारत को लगभग 20,000 नागरिकों को निकालना है, जिनमें ज्यादातर छात्र हैं।
एयर इंडिया की विशेष उड़ान AI 1946 मंगलवार रात 240 से ज्यादा भारतीय नागरिकों के साथ यूक्रेन के बॉरिस्पिल हवाई अड्डे से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर उतरी।
भारतीय दूतावास ने छात्रों और देश में रहने वाले दूसरे लोगों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कीव रूस की तरफ से लक्षित शहरों में से एक था।
भारतीय दूतावास ने चेतावनी दी कि "कीव की यात्रा करने वाले नागरिकों, जिनमें कीव के पश्चिमी हिस्सों से यात्रा करने वाले लोग भी शामिल हैं, उनको अस्थायी रूप से अपने-अपने शहरों में लौटने की सलाह दी जाती है, विशेष रूप से पश्चिमी सीमावर्ती देशों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर।"