फिक्स्ड डिपोजिट (Fixed Deposit- FD) सबसे सुरक्षित और निश्चित रिटर्न देने वाला निवेश है। हाल के दिनों में FD ने कम ब्याज दरों (Interest rates) के कारण अपना आकर्षण खोया है। इसके बावजूद सीनियर सिटीजन FD में निवेश को प्राथमिकता देते हैं। इसके दो कारण हैं। पहला कारण है कम जोखिम और दूसरा कारण है सुनिश्चित रिटर्न। FD का एक और फायदा यह है कि आप जरूरत पड़ने पर अपना पैसा निकाल सकते हैं। हालांकि, मैच्योरिटी से पहले पैसे निकालने पर ग्राहकों को कम इंटरेस्ट मिलता है। इसके अलावा सीनियर सिटीजन पोस्ट ऑफिस की कई बचत योजनाओं में भी पैसे निवेश करते हैं। जानते हैं सीनियर सिटीजंस के लिए देश के सबसे बड़े बैंक SBI के FD में पैसे निवेश करना ज्यादा फायदेमंद है या पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं में निवेश करने पर उन्हें अधिक लाभ मिलेगा…

SBI दे रहा इतना इंटरेस्ट

SBI बैंक सीनियर सिटीजन को 7 दिन से 45 दिन में मैच्योर होने वाले FD पर 3.40% Interest दे रही है। वहीं, 46 से 179 दिनों में मैच्योर होने वाले FD पर 4.40 फीसदी ब्याज मिल रहा है। 180 दिन से 210 दिनों में मैच्योर होने वाले FD पर 4.90% और 211 दिनों से एक साल के अंदर मैच्योर होने वाले FD पर भी 4.90% Interest मिल रहा है। 1 साल से लेकर 2 साल में मैच्योर होने वाले FD पर सीनियर सिटीजन को 5.40% Interest, 2 साल से तीन साल के बीच के FD पर 5.60% और 3 साल से 5 साल के मिड टर्म FD पर 5.80% इंटरेस्ट देती है। वहीं, 5 साल से 10 साल के लॉन्ग टर्म FD पर 6.20% Interest मिल रहा है।

स्पेशल FD स्कीम के तहत 30 बेसिस प्वाइंट अधिक ब्याज

SBI की तरह ही अधिकतर बैंक FDs पर बुजुर्गों को 50 बेसिस प्वाइंट अधिक इंटरेस्ट देते हैं। इसके अलावा SBI ने सीनियर सिटीजंस को 30 बेसिस प्वाइंट अधिक इंटरेस्ट देने का वादा किया है, अगर वे SBI के स्पेशल FD स्कीम के तहत पैसे निवेश करते हैं। यह लाभ बुजुर्गों को 2 करोड़ रुपये तक के FD पर मिलेगा। हालांकि मैच्योरिटी से पहले पैसे निकालने पर 30 बेसिस प्वाइंट अधिक इंटरेस्ट नहीं मिलेगा। 

पोस्ट ऑफिस स्मॉल सेविंग स्कीम्स

केंद्र सरकार ने पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं के इंटरेस्ट रेट्स में इस तिमाही में कोई बदलाव नहीं किया है। PPF पर लोगों को 7.10% ब्याज मिलता रहेगा और सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS) पर 7.40% की दर से ब्याज मिलेगा। आपको बता दें कि सरकारी बॉन्ड पर मिलने वाले रिटर्न के आधार पर केंद्र सरकार हर तिमाही की शुरुआत में पोस्ट ऑफिस सेविंग स्कीम्स के इंटरेस्ट रेट को अपडेट करती है। पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं पर 5.5% से लेकर 6.7% तक इंटरेस्ट मिल रहा है। वहीं 5 साल के मंथली इनकम स्कीम पर 6.6%, नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) पर 6.8% और RD पर 5.8% इंटरेस्ट मिल रहा है।

निवेश के लिए कौन सा विकल्प बेहतर

अभी 1 साल के FD पर SBI 5.40% इंटरेस्ट दे रही है, वहीं पोस्ट ऑफिस में इस अवधि के FD पर 5.5% ब्याज मिल रहा है। इतना ही नहीं, 5 साल में मैत्योर होने वाले FD पर SBI 6.2% का इंटरेस्ट दे रही है, लेकिन पोस्ट ऑपिस की बचत योजनाओं और NSC से तुलना करने पर यह इंटरेस्ट रेट काफी कम है। बैंकों में FD के मुकाबले पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाएं सीनियर सिटीजंस को बेहतर रिटर्न दे रही हैं। इसके अलावा उन्हें इन योजनाओं में इनकम टैक्स बेनिफिट का लाभ भी मिलता है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।