SBI: कोविड से पीड़ित लोगों को राहत पहुंचाने और इलाज के लिए उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए देश के सबसे बड़े पब्लिक सेक्टर बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने हाल में कवच पर्सनल लोन (kavach personal loan) लॉन्च किया है। इस स्कीम के तहत कोई भी व्यक्ति 25000 रुपये से 5 लाख रुपये तक का लोन ले सकते हैं। ये कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए एक कोलेट्रल फ्री यानी बिना गिरवी रखे लोन देने (collateral free loan) की स्कीम है।
यह लोन सालरीड और नॉन-सालरीड क्लास के साथ पेंशन पाने वाले लोग भी ले सकते हैं। इसके लिए किसी डॉक्यूमेंट की जरूरत नहीं है। आप या आपके परिवार का कोई सदस्य अगर कोविड से पीड़ित है तो आप यह लोन ले सकते हैं। यह लोन पूरी तरह कोलेट्रल फ्री है। यानी इस लोन के एवज में बैंक आपको कुछ भी गिरवी रखने को नहीं कहेगा।
कौन लोग उठा सकते हैं फायदा
इस लोन का फायदा केवल कोरोना के मरीज अपने और परिवार के इलाज के लिए उठा सकते हैं। कवच पर्सनल लोन स्कीम के तहत कोरोना मरीज 5 लाख रुपये तक का लोन ले सकते हैं। SBI के चेयरमैन दिनेश खारा (Dinesh Khara) ने कवच पर्सनल लोन लॉन्च करते हुए कहा कि इस योजना में कोविड पेशेंट लोन 25 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक का लोन ले सकते हैं।
यह लोन 5 साल तक की अवधि के लिए लिया जा सकता है और इस पर केवल 8.5% सालाना ब्याज लगेगा। साथ ही इसमें 3 महीने का मोराटोरियम भी शामिल है। दिनेश खारा ने कहा कि मोराटोरियम पीरियड के दौरान EMI जमा नहीं करने पर SBI लोन लेने वाले लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगा।