School Closed: कड़ाके की ठंड की वजह से 17 जनवरी तक बंद रहेंगे हरियाणा के स्कूल, जानें दिल्ली और यूपी में कब खुलेंगे स्कूल

हरियाणा सरकार ने स्कूलों की सर्दियों की छुट्टियां 17 जनवरी तक बढ़ाने का फैसला किया है। कई जिलों में मौसम को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां 20 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर स्कूलों के खुलने का समय बदल दिया गया है

अपडेटेड Jan 15, 2026 पर 8:19 PM
Story continues below Advertisement
कई जिलों में मौसम को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां 20 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं

उत्तर भारत में इस समय ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। लगातार गिरते तापमान और शीत लहर की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे की वजह से कई राज्यों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और पंजाब जैसे कई राज्यों में भी प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियों को लेकर एहतियाती कदम उठाए हैं। प्रशासन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।

बढ़ाई गई स्कूलों की छुट्टियां

हरियाणा सरकार ने स्कूलों की सर्दियों की छुट्टियां 17 जनवरी तक बढ़ाने का फैसला किया है। पहले स्कूल 16 जनवरी से खुलने वाले थे, लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति के कारण अब इन्हें एक दिन और बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कई जिलों में मौसम को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां 20 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर स्कूलों के खुलने का समय बदल दिया गया है। प्रशासन का मकसद छोटे बच्चों को सुबह की तेज ठंड और घने कोहरे से बचाना है, क्योंकि इस समय विजिबिलिटी बहुत कम हो जाती है और बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है।


पंजाब के स्कूल टाइम में किया गया बदलाव

पंजाब में घने कोहरे और तेज ठंड के कारण बढ़ते हादसों को देखते हुए सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। 16 से 21 जनवरी तक स्कूल नए समय के अनुसार चलेंगे। इस दौरान प्राइमरी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक और सेकेंडरी व हाई स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं दिल्ली और आसपास के इलाकों में स्कूलों के समय को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। अभिभावकों और छात्रों को कहा गया है कि स्कूल जाने से पहले अपने स्कूल और स्थानीय प्रशासन से नई जानकारी जरूर देख लें।

यहां इस तारीख तक बंद है स्कूल

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण स्कूलों को लेकर बड़े फैसले लिए गए हैं। संभल जिले में जिलाधिकारी ने 16 और 17 जनवरी को नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। कई अन्य जिलों में भी स्कूलों की छुट्टियां 20 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ में कक्षा 8 तक के बच्चों की फिजिकल क्लास बंद कर दी गई हैं, जबकि बड़ी कक्षाओं के लिए ऑनलाइन या बदले हुए समय में पढ़ाई का विकल्प दिया गया है। वहीं प्रयागराज में माघ मेले के चलते स्कूल पहले से ही बंद हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।