सीनियर सिटीजंस 1.1 करोड़ रुपये के इनवेस्टमेंट से मासिक 70,500 रुपये की रेगुलर इनकम पा सकते हैं, यहां जानिए कैसे

यूनियन बजट बुजुर्गों और महिलाओं के लिए बहुत अच्छा रहा। इसमें दो प्रमुख स्कीमों में इनवेस्टमेंट की लिमिट बढ़ाई गई। एक खास स्कीम लड़कियों और महिलाओं के लिए लॉन्च करने का ऐलान किया गया। इससे बुजुर्ग दंपती के लिए टेंशन-फ्री होकर हर महीने अच्छी रेगुलेर इनकम पाना आसान हो गया है

अपडेटेड Mar 14, 2023 पर 1:55 PM
महिलाओं के लिए एक नई स्कीम पेश की गई है। इसका नाम है महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट्स (MSSC)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसका ऐलान 1 फरवरी को यूनियन बजट में किया।

यूनियन बजट 2023 (Union Budget 2023) सीनियर सिटीजंस के लिए बहुत अच्छा रहा। इसमें उनके लिए रिस्क-फ्री इनवेस्टमेंट से रेगुलर इनकम कमाने के मौक बढ़ाए गए हैं। इसके लिए सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) और पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) में बदलाव किए गए हैं। दोनों स्कीमों में इनवेस्टमेंट की लिमिट बढ़ा दी गई है। महिलाओं के लिए एक नई स्कीम पेश की गई है। इसका नाम है महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट्स (MSSC)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसका ऐलान 1 फरवरी को यूनियन बजट में किया। सीनियर सिटीजंस के लिए पहले से एक और स्कीम मौजूद है। इसका नाम है प्रधानमंत्री वय वंदना योजना (PMVVY)।

सभी स्कीमें सरकार की हैं

एक बुजुर्ग दंपती इन स्कीमों में 1.1 करोड़ रुपये के इनवेस्टमेंट से हर महीने करीब 70,500 रुपये का मंथली इनकम हासिल कर सकता है। खास बात यह है कि ये सभी स्कीमें सरकार की हैं। इसलिए इनमें पैसा डूबने का कोई रिस्क नहीं है। अगर कोई सीनियर सिटीजन रिटायरमेंट के बाद रेगुलेर इनकम चाहता है तो वह इनमें निवेश कर चिंतामुक्त जिंदगी बीता सकता है।


SCSS में इनवेस्टमेंट की मैक्सिमम लिमिट बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। पहले यह 15 लाख रुपये थी। इसका मतलब है कि अब एक बुजुर्ग दंपती इस स्कीम में 60 लाख रुपये तक इनवेस्ट कर सकते हैं। इंडिया पोस्ट ऑफिस और बैंकों में यह स्कीम उपलब्ध है। इसकी अवधि 5 साल है। मैच्योरिटी के बाद आप इसे और तीन साल के लिए बढ़ा सकते हैं। सरकार हर तिमाही इसके इंटरेस्ट रेट को रिव्यू करती है। अभी इस स्कीम में इंटरेस्ट रेट 8 फीसदी है। इसका पेमेंट हर तिमाही होता है।

यह भी पढ़ें : Pan-Aadhaar linking: एक SMS से जानिए आपका पैन आधार से लिंक है या नहीं, इस नंबर पर भेजना होगा मैसेज

POMIS में इनवेस्टमेंट लिमिट बढ़ाकर 9 लाख रुपये कर दी गई है। पहले यह 4.5 लाख रुपये थी। इसका मतलब है कि एक बुजुर्ग दंपती इस स्कीम में 18 लाख रुपये इनवेस्ट कर सकता है। इसका इंटरेस्ट रेट सालाना 7.1 फीसदी है। इसका पेमेंट हर महीने होता है। यह स्कीम भी पांच साल के लिए है। खास बात यह है कि इस स्कीम में ऐसे लोग भी इनवेस्ट कर सकते हैं जो अभी सीनियर सिटीजन नहीं हैं।

MSSC नई स्कीम है। यह लड़कियों और महिलाओं के लिए है। इसमें मैक्सिमम 2 लाख रुपये का निवेश 2 साल के लिए किया जा सकता है। यह स्कीम मार्च 2025 में मैच्योर हो जाएगी। इसका इंटरेस्ट रेट 7.5 फीसदी है। अभी इस स्कीम के डिटेल का इंतजार है।

अब PMVVY की बात करते हैं। इस स्कीम में 15 लाख रुपये तक इनवेस्ट किया जा सकता है। यह सीनियर सिटीजन के लिए है। 10 साल की अवधि वाली इस स्कीम का प्रंबधन LIC करती है। इसका इंटरेस्ट रेट 7.4 फीसदी है। इस स्कीम में एक बुजुर्ग दंपती मिलकर 30 लाख रुपये इनवेस्ट कर सकते हैं।

उपर्युक्त स्कीमों में बुजुर्ग दंपती को कुल 1.1 करोड़ रुपये का निवेश करना होगा। seinor citizens table

ऐसे समझें कैलकुलेशन

SCSS में एक फाइनेंशियल ईयर में 1.5 लाख रुपये निवेश पर आपको इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80सी के तहत टैक्स-डिडक्शन मिलेगा। डेट के कॉर्पोरेट ट्रेनर जॉयदीप सेन ने कहा, "स्मॉल सेविंग्स स्कीमों को समझन बहुत आसान है। इसलिए इनमें मिससेलिंग की गुंजाइश नहीं है।" SCSS में इंटरेस्ट का पेमेंट हर तिमाही होता है। MSSC के इंटरेस्ट पेमेंट की फ्रीक्वेंसी के बारे में अभी बताया नहीं गया है। इस कैलकुलेशन में हमने यह माना है कि अभी जो इंटरेस्ट रेट्स हैं, वे आगे भी बने रहेंगे।

टैक्स और लॉक-इन का भी ध्यान रखें

प्लान रूपी इनवेस्टमेंट सर्विसेज के फाउंडर अमोल जोशी ने कहा कि ये स्कीमें उन लोगों के लिए अच्छी हैं जो पैसे की सुरक्षा के साथ निश्चित रिटर्न चाहते हैं। हालांकि, एक बात ध्यान में रखने की जरूरत है कि इनसे होने वाली इनकम पर आपको टैक्स चुकाना होगा। दूसरी बात यह कि चूंकि इन स्कीमों इनवेस्ट करने पर आपका पैसा स्कीम की मैच्योरिटी तक लॉक हो जाता है। इसलिए बीच में पड़ने वाली पैसे की जरूरत पूरी करने के लिए आपके पास इमर्जेंसी फंड होना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।