Silver Price Today: आज शुक्रवार 20 फरवरी को चांदी के भाव में तेजी रही। बुलियन मार्केट में चांदी का रेट 2,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा है। 20 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत 1.13 प्रतिशत बढ़कर 78.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। यह बढ़त वैश्विक घटनाक्रम और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर संकेतों के कारण आई। वहीं एमसीएक्स पर चांदी वायदा 2,41,400 रुपये प्रति किलो पर लगभग सपाट बंद हुआ।
बाजार की नजर अब फेड की जनवरी बैठक के मिनट्स पर है। इससे यह संकेत मिलेगा कि आगे ब्याज दरों का रुख क्या रहेगा। ब्याज दरों का फैसला सोने-चांदी की कीमतों को सीधे प्रभावित करता है।
ऑगमेंट बुलियन की रिपोर्ट के अनुसार, हाल के दिनों में भू-राजनीतिक तनाव कुछ हद तक स्थिर हुए हैं। इससे सुरक्षित निवेश के रूप में कीमती धातुओं की मांग थोड़ी कम हुई है। हालिया तेजी के बाद कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की।
इस बीच अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ है। जनवरी में महंगाई के नरम आंकड़ों से दर कटौती की उम्मीद बढ़ी थी। लेकिन मजबूत रोजगार आंकड़े और स्थिर आर्थिक वृद्धि ने तत्काल दर कटौती की संभावना कम कर दी है। इससे डॉलर को सहारा मिला और सोना-चांदी पर दबाव बना। अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता और रूस-यूक्रेन बातचीत जैसे घटनाक्रम सोने को सपोर्ट दे रहे हैं। लेकिन फिलहाल मुद्रा बाजार की चाल का ज्यादा असर दिख रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक चांदी 70 से 90 डॉलर (2,25,000 से 2,85,000 रुपये) के दायरे में रह सकती है। अगर कीमत 70 डॉलर से नीचे जाती है तो यह 64 डॉलर (करीब 2,00,000 रुपये) तक गिर सकती है। एक्सपर्ट ने सलाह दी है कि गिरावट में खरीदें और तेजी में मुनाफा लें।