Silver Rate Today: गुरुवार, 12 फरवरी की सुबह चांदी की कीमतों में गिरावट है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर मार्च में डिलीवरी वाले सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट्स का वायदा भाव पिछले क्लोजिंग प्राइस से 1 प्रतिशत तक गिरकर 260251 रुपये प्रति किलोग्राम के लो तक गया। एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी की कीमत में 4,000 रुपये या करीब 1.5 प्रतिशत की तेजी देखी गई थी। इसके बाद हाजिर भाव बढ़कर 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी ने जनवरी महीने में 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का आंकड़ा क्रॉस किया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार पर नजर डालें तो रॉयटर्स के मुताबिक, चांदी का हाजिर भाव 1.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.87 डॉलर प्रति औंस हो गया है। अमेरिका में जनवरी का जॉब डेटा उम्मीद से अच्छा रहने से डॉलर में मजबूती आई है। इससे सोने और चांदी की खरीद में कमी आई। अच्छे जॉब डेटा से निकट अवधि में फेडरल रिजर्व की ओर से प्रमुख ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों को झटका लगा है। जनवरी में अमेरिका में जॉब ग्रोथ अचानक तेज हो गई और बेरोजगारी दर गिरकर 4.3% रह गई। अब निवेशकों को महंगाई का डेटा जारी होने का इंतजार है। एक दिन पहले यानि कि बुधवार को वैश्विक बाजार में चांदी 4 प्रतिशत चढ़ी थी।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि चांदी में लॉन्ग टर्म में संभावनाएं बनी हुई हैं, लेकिन शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को एक साथ बड़ी रकम लगाने से बचना चाहिए। गिरावट पर धीरे-धीरे खरीदारी करना ज्यादा सुरक्षित रणनीति मानी जा रही है।
12 फरवरी की सुबह सोने के भाव में भी गिरावट है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अप्रैल में डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव से 0.66 प्रतिशत गिरकर 157701 रुपये प्रति 10 ग्राम के लो तक गया। एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में सोने का हाजिर भाव 600 रुपये या 0.4 प्रतिशत बढ़कर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव 0.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,058.64 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। एक दिन पहले यह 1 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा था। अप्रैल में डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 0.3 प्रतिशत गिरकर 5,080 डॉलर प्रति औंस हो गया है।