Silver Price Today: आज चांदी सस्ती हुई है। अगर दिल्ली-मुंबई के बुलियन मार्केट में नजर डालें तो चांदी के भाव में मामूली 100 रुपये की गिरावट आई है। चांदी का भाव 2,54,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं, 19 फरवरी को MCX पर चांदी वायदा हल्की बढ़त के साथ खुली। कीमत 2,47,840 रुपये प्रति किलो रही। यह पिछले बंद भाव से करीब 0.12% ज्यादा है। पिछले कुछ दिनों में ग्लोबल संकेतों और बिकवाली के दबाव से कीमतों में गिरावट देखी गई थी। बाजार में अस्थिरता भी बढ़ी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का स्पॉट रेट 77 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड कर रहा है। यह पिछले 24 घंटों में करीब 0.76% नीचे है। इससे साफ है कि ग्लोबल बाजार में अभी दबाव बना हुआ है।
अब निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की जनवरी बैठक के मिनट्स पर है। इससे यह संकेत मिल सकता है कि आगे ब्याज दरों में क्या रुख रहेगा। ब्याज दरों का फैसला सोना-चांदी की कीमतों पर सीधा असर डालता है।
Augmont की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल में भू-राजनीतिक तनाव थोड़ा कम हुआ है। इससे सेफ-हेवन डिमांड घटी है और कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चांदी फिलहाल 70 से 90 डॉलर लगभग 2.25 लाख से 2.85 लाख रुपये के दायरे में रह सकती है। अगर 70 डॉलर से नीचे गई, तो गिरावट और बढ़ सकती है। एक्सपर्ट्स की सलाह है कि निवेशक गिरावट पर खरीदारी और तेजी पर मुनाफावसूली की रणनीति अपनाएं।