Interest on Small Saving Scheme: सरकार ने आम निवेशकों को बड़ी खुशखबरी दी है। वित्त मंत्रालय ने आज 30 जून को कहा कि जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर 10-30 आधार अंक यानी 0.10 फीसदी से लेकर 0.30 फीसदी तक बढ़ा दिया गया है। अब छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर 4.0 प्रतिशत से 8.2 प्रतिशत तक है। ये दरें जुलाई से सितंबर तक की तिमाही के लिए लागू रहेगा।
वित्त मंत्रालय ने किया ऐलान
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की है। छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों की समीक्षा आमतौर पर सरकार हर तिमाही के अंत में करती है। पिछली तिमाही में सरकार ने छोटी बचत योजनाओं पर 70 बीपीएस यानी 0.70 फीसदी तक ब्याज बढ़ाने का ऐलान किया था। पोस्ट ऑफिस एफडी पर मिलने वाला ब्याज सरकार की दी जाने वाली छोटी बचत योजनाओं के लगभग बराबर है।
पिछली तिमाही में इतना बढ़ाया था ब्याज
सरकार ने पोस्ट ऑफिस की वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के लिए ब्याज दर पिछली तिमाही में 8 फीसदी से बढ़ाकर 8.2 फीसदी का कर दिया था। किसान विकास पत्र के लिए ब्याज दर को 7.2 फीसदी से 7.5 फीसदी का कर दिया गया था।
टाइम डिपॉजिट पर भी पिछली तिमाही में बढ़ाया था ब्याज
सरकार ने पिछली तिमाही में एक, दो, तीन और पांच साल की सावधि जमा पर भी ब्याज दर 6.6 प्रतिशत, 6.8 प्रतिशत, 6.9 प्रतिशत, 7.0 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.8 प्रतिशत, 6.9 प्रतिशत, 7.0 और 7.5 प्रतिशत का कर दिया था। इसके साथ ही पोस्ट ऑफिस की मंथली सेविंग स्कीम पर ब्याज दर को 7.1 फीसदी से बढ़ाकर 7.4 का कर दिया था। साथ ही नेशनल सेविंग स्कीम के लिए ब्याज दर को 7 फीसदी से बढ़ाकर 7.7 फीसदी का कर दिया गया था।