Small Savings Scheme: महंगाई की मार झेल रहे छोटे निवेशकों के लिए अच्छी खबर मिल सकती है। स्टॉक मार्केट्स में गिरावट आ रही है और क्रिप्टोकरेंसी का बाजार भी धड़ाम हो चुका है। इस बीच छोटी बचत योजना (Small savings scheme) पर सरकार आज यानी 30 जून को ब्याज दरों में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। RBI के रेपो रेट (Repo rate) बढ़ाने के बाद से बैंकों ने भी कर्ज महंगा कर दिया है। वहीं फिक्स्ड डिपॉजिट (Fixed deposit) पर भी ब्याज बढ़ाया है। लिहाजा अब PPF, सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), किसान विकास पत्र (KVP), NSC में ब्याज दर में बढ़ोतरी हो सकती है।
दरअसल, पिछले एक साल में सरकारी बॉन्ड्स पर यील्ड में तेजी आई है। इससे बॉन्ड्स से जुड़ी योजनाओं पर ब्याज दर में बढ़ोतरी की उम्मीद जगी है। इसकी वजह यह है कि पिछले एक साल में बेंचमार्क 10 ईयर बॉन्ड पर यील्ड 140 बेसिस पॉइंट बढ़ चुका है। इस दौरान यह 6.04 फीसदी से बढ़कर 7.46 फीसदी पहुंच चुकी है। अप्रैल-जून तिमाही में इसका औसत 7.31 फीसदी रहा है।
जानिए कितनी बढ़ सकती हैं ब्याज दरें
उम्मीद की जा रही है कि सरकार स्मॉल सेविंग स्कीम पर ब्याज दर 0.50 फीसदी से 0.75 फीसदी तक कर सकती है। इससे PPF, NSC और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं में निवेश करने वालों को बढ़िया रिटर्न मिलेगा। पिछले कुछ समय से डिपॉजिट खासकर स्माल सेविंग स्कीम्स पर ब्याज स्थिर रहा है। PPF पर ब्याज को 7.1 फीसदी से बढ़ाकर 7.81 फीसदी किए जाने का आसार हैं। सुकन्या समृद्धि योजना पर ब्याज दर 7.6 फीसदी से बढ़कर 8.10 फीसदी किया जा सकता है। सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम पर फिलहाल 7.40 फीसदी ब्याज मिलता है। जिसे बढ़ाकर 8.31 फीसदी किया जा सकता है।
तिमाही आधार पर रिवाइज होती हैं ब्याज दरें
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स पर हर तीन महीने यानी तिमाही आधार पर ब्याज दर तय होती है। वित्त मंत्रालय (Finance Ministry) इन ब्याज दरों को तय करता है और नोटिफाई करता है। अगली तिमाही के लिए ऐलान अगले महीने हो सकता है। बता दें 2020-21 की पहली तिमाही के बाद से स्माल सेविंग स्कीम्स की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।