स्मॉलकैप स्टॉक्स में इनवेस्टमेंट से मुनाफा कमाना आसान नहीं है। इन शेयरों में उतार-चढ़ाव ज्यादा होता है। लेकिन, पिछले कुछ महीनों में स्मॉलकैप स्टॉक्स के रिटर्न को देख कई निवेशक उनमें निवेश करना चाहते हैं। अगर 5-6 महीनों के रिटर्न की बात करें तो इन शेयरों ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। कुछ अच्छी स्मॉलकैप फंडों के रिटर्न की सीएजीआर तीन साल में 30-40 फीसदी रही है, जबकि इस अवधि में निफ्टी की सीएजीआर 16.9 फीसदी रही है। अगर आप एक साल के रिटर्न को देखें तो भी यही स्थिति देखने को मिलती है।
आगे कैसा रहेगा स्मॉलकैप का प्रदर्शन?
सवाल है कि क्या स्मॉलकैप स्टॉक्स का यह प्रदर्शन आगे भी ऐसा रहेगा? इस सवाल का जवाब पाने के लिए हमें इतिहास में जाना होगा। स्मॉलकैप स्टॉक्स के रिटर्न में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। जब ये शेयर चढ़ना शुरू करते हैं तो निवेशकों को मालामाल कर देते हैं। लेकिन, जब इनके बुरे दिन शुरू होते हैं तो यह इनवेस्टर्स के धैर्य की परीक्षा लेते हैं। कई बार तो ये निवेशक को बर्बाद तक कर देते हैं।
स्मॉलकैप में कितना होना चाहिए निवेश?
ऐसे में स्मॉलकैप स्टॉक्स की तेजी का फायदा उठाने में हमेशा सावधानी बरतना जरूरी है। किसी निवेशक के पोर्टफोलियो में स्मॉलकैप शेयरों की कितनी हिस्सेदारी होनी चाहिए? एनालिस्ट्स इस सवाल का अलग-अलग जवाब देते हैं। इनवेस्टर्स की राय भी इस बारे में एक जैसी नहीं है। कुछ इनवेस्टर्स सिर्फ मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में पैसे लगाना चाहते हैं। कुछ इनवेस्टर्स अपने पोर्टफोलियो में सिर्फ लॉर्ज कैप स्टॉक्स को जगह देना चाहते हैं। लेकिन, दोनों ही स्ट्रेटेजी सही नहीं हैं। दोनों ही स्ट्रेटेजी में रिस्क है। इसलिए इनसे बचना ठीक रहेगा।
किसे करना चाहिए स्मॉलकैप में निवेश?
किसी इनवेस्टर्स को स्मॉलकैप फंड्स में तभी निवेश करना चाहिए, जब उसे ऐसे फंडों से जुड़े रिस्क की अच्छी समझ हो जाए। दूसरा, निवेशक को कम से कम 5-7 साल के निवेश के लिए तैयार रहना चाहिए। अगर आप स्मॉलकैप स्टॉक्स में तब निवेश करने जा रहे हैं, जब ये काफी अच्छा रिटर्न दे चुके हैं तो आपको इनसे अच्छा रिटर्न हासिल करने के लिए 7 साल और इससे ज्यादा वक्त का इंतजार करना पड़ सकता है।
निवेश से पहले रिस्क को समझ लें
अगर आप कंजरवेटिव इनवेस्टर हैं और शेयरों में ज्यादा पैसे नहीं लगाना चाहते हैं तो आपको स्मॉलकैप फंड्स से दूर रहना चाहिए। जो इनवेस्टर्स छोड़ा रिस्क ले सकते हैं, उन्हें अपने इक्विटी पोर्टफोलियो में स्मॉलकैप स्टॉक्स की हिस्सेदारी ज्यादा से ज्यादा 20-25 फीसदी रखनी चाहिए। अगर आप लंबी अवधि के लिए एकमुश्त निवेश ऐसे शेयरों में करना चाहते हैं तो भी आपको सोचसमझकर ऐसा करना होगा। इसकी वजह यह है कि स्मॉलकैप स्टॉक्स की चाल अचानक बदल जाती है। ऐसे में इन शेयरों से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो जाता है।