Sovereign Gold Bonds: सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB 2023-24 सीरीज II) की दूसरी किश्त आज सोमवार 11 सितंबर को शुरू हो रही है। ये गोल्ड बॉन्ड सरकार की तरफ से जारी किये जाते हैं। सरकार की इस योजना को RBI चलाता है। ये RBI जारी करती है। निवेशक गोल्ड बॉन्ड में 15 सितंबर 2023 तक निवेश कर सकते हैं। इन बॉन्ड की कीमत 5,923 रुपये प्रति ग्राम है। हालांकि, ऑनलाइन पेमेंट करने पर 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट मिलेगी।
मार्केट रेट से कम दाम पर मिल रहा है गोल्ड
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम में 1 ग्राम सोना 5,923 रुपये में मिल रहा है। अगर ऑनलाइन पेमेंट करते हैं तो 50 रुपये की छूट भी मिलती है। यानी, आपको एक ग्राम गोल्ड के लिए 5,873 रुपये देने होंगे। मार्केट में गोल्ड प्राइस की बात करें तो इस समय दिल्ली में 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का रेट 60,000 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। आपको सरकार की इस स्कीम के जरिये गोल्ड 127 रुपये प्रति ग्राम सस्ता मिल रहा है। यदि 10 ग्राम की बात की जाए तो आपको 1270 रुपये कम चुकाने होंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक अगर आप सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने जा रहे हैं तो आपको कम से कम एक ग्राम सोना खरीदना होगा। वहीं, 4 किलो सोना इंडिविजुअल, 4 किलो HUF और 20 किलो ट्रस्ट के नाम पर अधिकतम निवेश किया जा सकता है।
यहां से खरीद सकते हैं सोना
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम को सभी बैंकों, स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SHCIL), क्लियरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (CCIL) से खरीदा जा सकता है। इसके अलावा इसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड से भी लिया जा सकता है।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम की मेच्योरिटी कुल 8 साल की है। वहीं 5वें साल में आप इससे बाहर निकल सकते हैं। इस योजना के तहत निवेशकों को 2.50 फीसदी का ब्याज मिलता है। इसका पेमेंट हर 6 महीने में होता है। नो-यूअर-कस्टमर से जुड़े नियम फिजिकल गोल्ड की खरीद के समान होंगे। एसजीबी का इस्तेमाल लोन के लिए गिरवी के रूप में किया जा सकता है। SGB पर ब्याज इनकम टैक्स एक्ट 1961 (1961 का 43) के तहत टैक्सेबल होता है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम की शुरुआत साल 2015 में हुई थी।