Tata Mutual Fund ने एक साथ छह इंडेक्स फंड लॉन्च किए हैं। इससे टाटा म्यूचुअल फंड के पैसिव फंडों की संख्या बढ़ गई है। इन 6 फंडों का एनएफओ 22 अप्रैल तक खुला रहेगा। NFO के दौरान न्यूनतम इनवेस्टमेंट 5,000 रुपये है। इन छह फंडों में तीन ऐसे हैं, जो म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में पहली बार लॉन्च किए गए हैं। टाटा एएमसी ने निफ्टी इंडाइसेज के साथ मिलकर नए फंडों के लिए बेंचमार्क बनाए हैं। निफ्टी इंडाइसेज NSE की सब्सिडियरी है। यह इंडेक्स प्रोवाइडर है। नए फंडों में टाटा निफ्टी ऑटो इंडेक्स फंड, टाटा निफ्टी ऑटो इंडेक्स फंड, टाटा निफ्टी रियल्टी इंडेक्स फंड, टाटा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स फंड, टाटा निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर इंडेक्स फंड आदि शामिल हैं।
तीन फंड पहली बार इंडस्ट्री में लॉन्च
टाटा एएमसी के छह नए फंडों में जो पहली बार इंडस्ट्री में लॉन्च हुए हैं, उनमें टाटा मिडस्मॉल हेल्थकेयर इंडेक्स फंड, टाटा निफ्टी500 मल्टीकैप इंडिया मैन्युफैक्चरिंग 50:30:20 इंडेक्स फंड और टाटा निफ्टी500 मल्टीकैप इंफ्रास्ट्रक्चर 50:30:20 इंडेक्स फंड शामिल हैं। टाटा एसेट मैनेजमेंट में इंस्टीट्यूशनल क्लाइंट के हेड आनंद वरदराजन ने कहा, "ये फंड लॉन्ग टर्म अपॉर्चुनिटीज ऑफर करते हैं। उदाहरण के लिए रियल एस्टेट में एक दशक के बाद रौनक लौटी है। इसी तरह ऑटो सेक्टर में भी टेक्नोलॉजी के लिहाज से बड़ा बदलाव दिख रहा है।"
हेल्थकेयर जैसे सेक्टर में निवेश के मौके
उन्होंने कहा कि हेल्थकेयर इंडेक्स फंड स्मॉलकैप और मिडकैप कंपनियों पर आधारित है। ये सेगमेंट कई तरह की अपॉर्चुनिटी ऑफर करते हैं, जिनमें हॉस्पिटल, फॉर्मा और डायग्नॉस्टिक्स शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर में हम रेलवेज, हाईवेज और इलेक्ट्रिफिकेशन आदि में तेज ग्रोथ देख रहे हैं। मैन्युफैक्चरिंग में चाइना प्लस वन और पीएलआई जैसी स्कीम से देश में मैन्युफैक्चरिंग से संबंधित गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बतौर एक इनवेस्टर आपको यह देखने की जरूरत है कि पैसा अब कहां जा रहा है।
इंडेक्स फंड में चुनिंदा स्टॉक्स शामिल
इंडेक्स फंड चुनिंदा लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स के प्रदर्शन को ट्रैक करते हैं। ये स्टॉक्स निफ्टी 500 इंडेक्स के हिस्सा होते हैं। लार्जकैप के लिए कुल वेट 50 फीसदी तय है। मिडकैप सेगमेंट के लिए 30 फीसदी और स्मॉलकैप सेगमेंट के लिए 20 फीसदी वेट तय है। मार्च के अंत में इस इंडेक्स में 75 स्टॉक्स थे। इनमें 15 लार्जकैप, 25 मिडकैप और 35 स्मॉलकैप स्टॉक्स थे।
यह भी पढ़ें: क्या Mutual Fund House ने आपको दोबारा KYC कराने को कहा है? जानिए फिर से KYC कराने का यह मामला क्या है