टाटा ग्रुप (Tata Group) की ग्रॉसरी कंपनी बिगबास्केट (Bigbasket) अगले तीन साल में यानी 2025 तक आईपीओ लाने पर विचार कर रही है। बेंगलुरु स्थित इस ई-कॉमर्स कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर विपुल पारेख आज यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी पूरे भारत में अपनी पहुंच का विस्तार करने पर फोकस कर रही है। कंपनी की योजना अगले 24 से 36 महीनों में आईपीओ लॉन्च करने की है। बता दें कि बिगबास्केट ने हालिया फंडिंग राउंड में 20 करोड़ डॉलर जुटाए हैं. इसके साथ ही, इस ग्रॉसरी कंपनी की वैल्यूएशन बढ़कर 3.2 अरब डॉलर हो गई है.
ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनी ने इस सप्ताह घोषणा की कि उसने पूंजी जुटाई है जो उसकी क्विक कॉमर्स शाखा को मजबूत करेगी और देश में कंपनी का विस्तार करेगी। कंपनी भारत के तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स बाजार में क्षेत्र के दिग्गजों - Amazon, रिलायंस इंडस्ट्रीज और फ्लिपकार्ट पर अपना प्रभुत्व मजबूत करना चाहती है। पारेख का मानना है कि नए फंड को लागू करते समय नए क्षेत्रों में कैपिटल के विस्तार और मार्केटिंग के बीच "इवन स्प्लिट" (even split) होगा।
75 शहरों तक विस्तार करने की है योजना
बिगबास्केट BB Now की सप्लाई करने वाले डार्क स्टोर्स की संख्या बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह क्विक कॉमर्स फॉर्मेट है जो 30 मिनट के भीतर ग्रॉसरी डिलीवरी का वादा करती है। मार्च 2023 तक इसके लगभग 200 से 300 आउटलेट्स हैं। इस समय बिगबास्केट 55 शहरों में काम कर रहा है। पारेख ने कहा कि फर्म इसी अवधि में 75 शहरों तक इसका विस्तार करना चाहती है। उन्होंने यह भी बताया कि फर्म की मौजूदगी लगभग 450 शहरों में है और यह अगले साल 80 से 100 शहरों में और बढ़ सकती है।