ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख को 31 दिसंबर से आगे बढ़ा सकती है सरकार, ये हैं कारण

वित्त वर्ष 2020-21 के लिए आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की अंतिम तिथि आज यानी 31 दिसंबर 2021 है

अपडेटेड Dec 31, 2021 पर 12:12 PM
ITR Deadline: पिछले दो सालों की तुलना में इस साल अभी तक कम संख्या में टैक्सपेयर्स ने ITR दाखिल किया है

ITR Last Date: वित्त वर्ष 2020-21 के लिए आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की अंतिम तिथि आज यानी 31 दिसंबर 2021 है। हालांकि चार्टर्ड एकाउंटेंट और टैक्स एक्सपर्ट का मानना है कि ITR दाखिल करने की समयसीमा को एक बार फिर से आगे बढ़ाया जा सकता है। खासकर उन इंडीविजुअल के लिए, जिनके अकाउंट्स का ऑडिट करने की आवश्यकता नहीं है।

ITR दाखिल करने की समयसीमा को पहले ही सरकार दो बार बढ़ा चुकी है। पहले इसे 31 जुलाई 2021 से बढ़ाकर 30 सिंतबर 2021 किया गया। फिर 30 सितंबर से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2021 किया गया। आइए जानते हैं कि आखिर क्यों चार्टर्ड एकाउंटेंट और टैक्स एक्सपर्ट एक बार ITR फाइल करने की समयसीमा बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं।

कम संख्या में ITR फाइलिंग

पिछले दो सालों की तुलना में इस साल अभी तक कम संख्या में टैक्सपेयर्स ने ITR दाखिल किया है। इनकम टैक्स विभाग ने इस साल 11 जनवरी 2021 को एक ट्वीट किया था। इसमें इनकम टैक्स विभाग ने बताया कि वित्त वर्ष 2019-20 के लिए 5.67 करोड़ लोगों ने इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल किया था। वहीं वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 5.95 करोड़ लोगों ने ITR फाइल किया था। आप इसे नीचे दिए ट्वीट में देख सकते हैं-


हालांकि इस साल अभी तक सिर्फ करीब 5.09 करोड़ लोगों ने ही ITR दाखिल किया है। इनकम टैक्स विभाग ने खुद 29 दिसंबर को एक ट्वीट कर यह जानकारी दी। अगर पिछले साल के 5.95 लाख टैक्सपेयर्स की संख्या से तुलना करें, तो इसका मतलब है कि अगले दो दिनों में 86 लाख ITR दाखिल किए जाने अभी बाकी हैं। लेकिन यहां भी एक दिक्कत है, जो ITR दाखिल करने की वेबसाइट से जुड़ी है।

वेबसाइट से जुड़ी दिक्कतें

ITR दाखिल करने की आज आखिरी तारीख है और अभी बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने आईटीआर ने दाखिल नहीं किया है। ऐसे में यह देखना होगा कि क्या इनकम टैक्स विभाग का नया पोर्टल इतने लोगों का भार उठा पाएगा। इस बीच सोशल मीडिया पर तमाम ऐसे पोस्ट दिख रहे हैं, जहां यूजर्स वेबसाइट का स्क्रीनशॉट डालकर बता रहे हैं कि उन्हें ITR दाखिल करने में कई समस्याएं आ रही हैं। इसमें वेबसाइट की स्पीड स्लो होना, OTP मैसेज न आना, लॉग-इन नहीं होना जैसी कई समस्याएं हैं। इस सबसे चलते यूजर्स वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और इनकम टैक्स विभाग को टैग कर उनसे तारीख बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

पिछले साल 10 जनवरी थी आखिरी तारीख

इन सबके अलावा, पिछले साल भी सरकार ने ITR दाखिल करने की समयसीमा को तीन बार बढ़ाया था। वित्त वर्ष 2019-20 के लिए पहले समयसीमा 31 जुलाई से बढ़ाकर 30 नवंबर की गई। फिर वहां से बढ़ाकर 31 दिसंबर और अंत में फिर से 10 जनवरी 2021 किया गया। यह तारीख तब बढ़ाई गई थी, जब पुराने टैक्स फाइलिंग पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा था और उस समय कोरोना के नए वेरिएंट का कोई खतरा भी नहीं था।

GST रिटर्न की बढ़ाई समयसीमा

सरकार ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए GST रिटर्न दाखिल करने की समय दो महीने बढ़ा कर 28 फरवरी, 2022 कर दी है। पहले यह तारीख 31 दिसंबर 2021 थी। GST रिटर्न की समयसीमा बढ़ने से भी टैक्सपेर्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उम्मीद बढ़ी है कि ITR दाखिल करने की समयसीमा भी बढ़ाई जा सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।