Tax on gaming industry : गेमिंग इंडस्ट्री में हो रही टैक्स चोरी अब आयकर विभाग (tax department) के रडार पर आ गई है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (CBDT) ने ऑनलाइन गेम्स के विजेताओं से अपडेटेड इनकम टैक्स रिटर्न (ITR-U) फाइल करने, अपनी आय का खुलासा करने और लागू टैक्स का भुगतान करने के लिए कहा है।
एक गेमिंग पोर्टल ने बांटे 58,000 करोड़
फाइनेंशियल एक्सप्रेस के साथ बातचीत में सीबीडीटी के चेयरमैन नितिन गुप्ता ने कहा कि एक गेमिंग पोर्टल ने पिछले तीन साल के दौरान जीती गई धनराशि के रूप में कुल 58,000 करोड़ रुपये बांट दिए। उसके यूजर्स की संख्या 80 लाख से ज्यादा है।
अब विनर्स को बिना किसी छूट के ब्याज के साथ कुल 30 फीसदी टैक्स जमा करना होगा। उन्हें टैक्स और ब्याज पर अतिरिक्त 25-30 फीसदी का भुगतान भी करना होगा। अगर विनर्स डेडलाइन तक टैक्स चुकाने में नाकाम रहते हैं तो उन पर भारी पेनाल्टी लग सकती है।
ITR-U की क्या है लास्ट डेट
सामान्य रूप से ITR-U फाइल करने की लास्ट डेट संबंधित एसेसमेंट ईयर के खत्म होने के 24 महीने बाद होती है। वित्त वर्ष 22 के लिए ITR-U की आखिरी तारीख 31 मार्च, 2024 होगी।
गुप्ता ने कहा, “विभिन्न गेमिंग पोर्टल्स के खेलों के विजेताओं को ITR-U का इस्तेमाल करना चाहिए, क्योंकि इसमें पेनाल्टी से बचने के लिए आगे आने और कर चुकाने का प्रोविजन किया गया है।”
फरवरी में एक बिजनेस ग्रुप पर हुई थी छापेमारी
15 फरवरी को CBDT ने गेमिंग से जुड़े एक बिजनेस ग्रुप पर छापेमारी की थी। ग्रुप के मुंबई, दिल्ली, जयपुर, पुणे, कोलकाता और सूरत स्थित 29 परिसरों पर छापेमारी की गई थी।
गुप्ता के मुताबिक, बजट, 2022 में पेशकश के बाद अभी तक 1,00,000 ITR-U फाइल किए जा चुके हैं। इस क्रम में 28 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कर का भुगतान किया जा चुका है।
यह उनके लिए फायदेमंद है, जिन्होंने गेमिंग, बेटिंग, लॉटरी आदि एक्टिविटी से मिले पैसे पर अनजाने में कोई टैक्स नहीं दिया है।