Financial Rules: सितंबर खत्म होने में अब सिर्फ दो हफ्ते ही बचे हैं। नया महीना शुरू होने के साथ ही कई नियमों में बदलाव आ जाएगा। यही वजह है कि आम लोगों को 30 सितंबर से पहले अपने पैसे, निवेश और फाइनेंशियल सेविंग से जुड़े कई काम निपटाने हैं। ताकि, नए महीने की शुरुआत से किसी भी तरह की परेशानी या नुकसान न हो। 30 सितंबर से पहले आपको अपने 2,00 रुपये के नोट बदलवाने हैं। सेविंग स्कीमों में आधार अपडेट करना है वरना अकाउंट फ्रीज हो जाएगा। आइए जानते हैं ऐसे नियमों के बारे में..
छोटी योजनाओं में अपडेट करें आधार का आधार
सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS), पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF), नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC) या अन्य लघु बचत योजनाओं में निवेश करने वाले निवेशकों को 30 सितंबर 2023 तक अपने डाकघर या बैंक ब्रांच में जाकर आधार से जुड़ी जानकारी देनी होगी। स्मॉल सेविंग स्कीम में निवेश करने वाले निवेशकों को आधार नंबर बैंक या पोस्ट ऑफिस में देना होगा, जहां आपकी स्कीम चल रही है। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आधार नंबर जमा होने तक आपका स्मॉल सेविंग अकाउंट फ्रीज कर दिया जाएगा।
एसबीआई वीकेयर (SBI WeCare)
वरिष्ठ नागरिकों के लिए एसबीआई की चलाई जा रही खास योजना वीकेयर स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में निवेश करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर को खत्म हो रही है। इस योजना में केवल वरिष्ठ नागरिक ही भाग ले सकते हैं। इसमें उन्हें एफडी पर 7.5 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है जो आम लोगों से 100 बेसिस प्वाइंट ज्यादा है।
आईडीबीआई अमृत महोत्सव एफडी (IDBI Amrit Mahotsav)
आईडीबीआई बैंक की एफडी में निवेश की समयसीमा भी 30 सितंबर को खत्म हो रही है। अमृत महोत्सव एफडी योजना के तहत बैंक 375 दिनों की एफडी पर 7.10 प्रतिशत ब्याज दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए 7.60 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है। साथ ही इस योजना के तहत 444 दिनों की एफडी के लिए आम लोगों को 7.15 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 7.65 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है।
आरबीआई ने 19 मई को 2,000 रुपये के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। सभी आम लोगों को 30 सितंबर तक इन नोटों को बैंकों में जमा करने या वहां बदलने की सुविधा दी गई है। अगर आपके पास 2000 रुपये का नोट पड़ा है तो आप उसे 30 सितंबर तक बैंक में जमा करा सकते हैं या बदलवा सकते हैं।