Trust Mutual Fund अपना पहला इक्विटी फंड पेश करने जा रहा है। इसने इसके लिए SEBI के पास अप्लाई कर दिया है। यह स्कीम फ्लैक्सी-कैप कैटेगरी में होगी। इस फंड हाउस के चीफ एग्जिक्यूटिव अफसर संदीप बागला (Sandeep Bagla) ने मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में स्टॉक मार्केट्स और इनवेस्टमेंट्स के बारे में कई अहम बातें बताई। उन्होंने यह भी बताया कि मार्केट की मौजूदा स्थितियों में कहां पैसे लगाने से मिलेगा सबसे ज्यादा मुनाफा। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इंडिया में अब इंटरेस्ट रेट बढ़ने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि हमें इंटरेस्ट रेट में कमी के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। इसकी वजह यह है कि कई देशों के केंद्रीय बैंकों ने इंटरेस्ट रेट को लंबे समय तक हाई बनाए रखने के संकेत दिए हैं।
इंटरेस्ट रेट में कमी के लिए करना होगा इंतजार
बागला का मानना है कि इंटरेस्ट रेट हाई लेवल पर बने रहने से डिमांड पर असर पड़ सकता है। अमेरिका में कुछ सेक्टर्स में स्लोडाउन का असर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि जहां तक इंडिया की बात है तो RBI मौद्रिक नीति में सख्ती के अपने रुख में बदलाव कर सकता है। वह आगे लिक्विडिटी बढ़ाने और इंटरेस्ट रेट में कमी के उपाय कर सकता है। लेकिन, इसके लिए हमें 6-9 महीने इंतजार करना पड़ सकता है। उन्होंने फि फिलहाल कॉर्पोरेट बॉन्ड्स की तीन साल की यील्ड का फायदा उठाने की सलाह दी। इन सिक्योरिटीज की यील्ड करीब 7.75 फीसदी है। एक साल में इनफ्लेशन 4-4.5 फीसदी रहने का अनुमान है। ऐसे में निवेशक इन कॉर्पोरेट्स बॉन्ड्स में निवेश कर इनफ्लेशन के मुकाबले करीब 300-400 बेसिस प्वाइंट्स ज्यादा रिटर्न कमा सकते हैं।
अभी 10 लाख का निवेश कहां करने में फायदा?
यह पूछने पर कि आज 10 लाख रुपये का निवेश कहां करना ठीक रहेगा, उन्होंने कहा कि 50 फीसदी पैसा शेयरों में लगाया जा सकता है। लेकिन, यह पैसा 5-7 साल के लिए निवेश करना होगा। बाकी 50 फीसदी पैसा फिक्स्ड इनकम सिक्योरिटीज में लगाया जा सकता है। इसे म्यूचुअल फंड्स की डेट स्कीम या बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश किया जा सकता है। अगर आप डेट फंड में निवेश करना चाहते हैं तो 30 फीसदी पैसा कॉर्पोरेट बॉन्ड फंड्स या लॉन्ग टर्म फंड्स में रखना होगा। 10 फीसदी पैसा लिक्विड फंड या मनी मार्केट फंड में रखा जा सकता है। आपको इसके लिए कम उतार-चढ़ाव और ज्यादा लिक्विडी वाले फंड का चुनाव करना होगा, जिससे पैसे की जरूरत होने पर आप जल्द पैसा निकाल सके। बाकी 10 फीसदी पैसा गवर्नमेंट सिक्योरिटी में निवेश करना ठीक रहेगा।
छोटे-बड़े हर तरह के स्टॉक्स में निवेश में फायदा
उन्होंने कहा कि शेयरों में निवेश करने में भी छोटे-बड़े शेयरों में निवेश करना होगा। 30-35 फीसदी पैसा लार्जकैप में निवेश किया जा सकता है। 10 फीसदी पैसा मिडकैप में निवेश किया जा सकता है। बाकी 5-10 फीसदी पैसा स्मॉलकैप स्टॉक्स में निवेश किया जा सकता है। पिछले 8-10 महीने में स्मॉलकैप और लार्जकैप स्टॉक्स का रिटर्न बहुत अच्छा रहा है। दोनों कैटेगरी के शेयरों ने लार्जकैप स्टॉक्स से काफी ज्यादा रिटर्न दिए हैं। यही वजह है कि पिछले कुछ समय से मिडकैप और स्मॉलकैप फंड्स में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।