UP Employees Salary: यूपी के लाखों कर्मचारियों और पेंशनधारकों को तोहफा, होली से पहले सैलरी-पेंशन जारी करने के आदेश

UP Employees Salary: सामान्य तौर पर मार्च के पहले सप्ताह में आने वाली सैलरी इस बार होली की छुट्टियों की वजह से फरवरी के आखिरी दिन ही आ जाएगी। यानी इस बार यूपी के लाखों सरकारी कर्मचारियों की सैलरी इसी हफ्ते आ जाएगी

अपडेटेड Feb 26, 2026 पर 7:47 AM
Story continues below Advertisement
UP Employees Salary: यूपी के करीब 18 लाख शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों को होली से पहले सैलरी मिल जाएगा

UP Employees Salary: उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए गुड न्यूज है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा से जुड़े स्कूलों एवं कार्यालयों में होली से पहले सैलरी और मानदेय का भुगतान करने के आदेश दिए गए हैं। यूपी सरकार ने आदेश जारी किया है कि फरवरी 2026 की सैलरी और पेंशन 28 फरवरी 2026 को ही जारी कर दिया जाए। सामान्य तौर पर मार्च के पहले सप्ताह में होने वाला यह भुगतान इस बार होली की छुट्टियों की वजह से फरवरी के आखिरी दिन ही समाप्त हो जाएगा। यानी इस बार यूपी के लाखों सरकारी कर्मचारियों की सैलरी इसी हफ्ते आ जाएगी।

इस संबंध में बुधवार (25 फरवरी) को स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी की तरफ से आधिकारिक आदेश जारी किए गए। माना जा रहा है कि अन्य विभाग में भी ऐसे आदेश जल्द ही आएंगे। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सैलरी 2 मार्च से पहले हर हाल में जारी करें।

वित्त विभाग की तरफ से जारी निर्देश के अनुसार, 2 मार्च 2026 को होलिका दहन और 4 मार्च को होली के लिए सरकारी छुट्टी है। इसके अलावा एक मार्च को रविवार (सामान्य अवकाश) होने की वजह से सैलरी और पेंशन जारी करने की नियमित प्रक्रिया रुक सकती थी। ऐसे में कर्मचारियों को त्योहार की खरीदारी और अन्य खर्चों में कोई असुविधा न हो, इसलिए राज्यपाल की स्वीकृति के बाद सरकार ने इस बार होली गिफ्ट देने का निर्णय लिया है।


ये आदेश मध्याह्न भोजन प्राधिकरण और निदेशालय के कर्मचारियों के लिए भी जारी किए गए हैं। इसके अलावा, यूपी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और कोषाधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करें। ताकि होली से पहले बैंक अकाउंट में सैलरी पहुंच जाए। उत्तर प्रदेश में इस समय करीब 18 लाख सरकारी कर्मचारी हैं। इन सभी कर्मचारियों को होली से पहले सैलरी का इंतजार है।

ये भी पढ़ें- PM Modi Israel Visit: पीएम मोदी को मिला इजरायली संसद का सर्वोच्च सम्मान, बोले- 'आतंकवाद कतई बर्दाश्त नहीं', हमास हमले की निंदा की

रंगों का रंगीन त्योहार होली मार्च 2026 में पूरे भारत और दुनिया भर में बड़े जोश के साथ मनाया जाएगा। दिवाली के बाद दूसरा सबसे बड़ा हिंदू त्योहार माना जाने वाला होली बसंत के आने और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। होलिका दहन सूर्यास्त के बाद शुभ मुहूर्त में किया जाता है। जबकि रंगवाली होली अगली सुबह रंगों के साथ मनाई जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।