UPI MDR Charges: दिवाली का त्योहार खत्म हो चुका है। अब UPI पेमेंट पर लगने वाले मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने पहले 15 अक्टूबर से इसे लागू करने की योजना बनाई थी।
UPI MDR Charges: दिवाली का त्योहार खत्म हो चुका है। अब UPI पेमेंट पर लगने वाले मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने पहले 15 अक्टूबर से इसे लागू करने की योजना बनाई थी।
हालांकि, त्योहारों को देखते हुए फैसला टाल दिया गया। NPCI ने 13 अक्टूबर को कहा था कि नई दरें दिवाली के तुरंत बाद लागू होंगी। इसकी तारीख अलग से बताई जाएगी। फिलहाल नई तारीख का इंतजार है।
₹2,000 से ज्यादा के पेमेंट पर कितना चार्ज?
NPCI की 15 सितंबर को जारी FAQ के मुताबिक, चुनिंदा मर्चेंट UPI पेमेंट पर 0.4% MDR लगेगा। यह चार्ज ₹2,000 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर लागू होगा। हालांकि, ₹75,000 या इससे ज्यादा के पेमेंट पर इसकी अधिकतम सीमा ₹300 रखी गई है।
उदाहरण के लिए, अगर कोई ग्राहक दुकानदार को ₹1 लाख का UPI पेमेंट करता है, तो 0.4% के हिसाब से चार्ज ₹400 बनेगा। लेकिन अधिकतम सीमा के कारण दुकानदार को सिर्फ ₹300 MDR देना होगा।
रेलवे, टेलीकॉम, इंश्योरेंस और फ्यूल जैसी कुछ कैटेगरी के लिए अलग दर तय की गई है। इन पर ₹2,000 से ज्यादा के पेमेंट पर हर ट्रांजैक्शन के लिए ₹5 का फ्लैट चार्ज लगेगा। वहीं, म्यूचुअल फंड, शेयर और स्टॉक ब्रोकर से जुड़े पेमेंट पर 0.02% MDR लगेगा। इसकी अधिकतम सीमा भी ₹300 है।
क्या ग्राहकों को देना होगा चार्ज?
नहीं। MDR दुकानदार या पेमेंट लेने वाले मर्चेंट को देना होगा। ग्राहक पर इसका सीधा बोझ नहीं पड़ेगा। यानी UPI से पेमेंट करने वाले लोगों के लिए यह चार्ज नहीं है।
दो लोगों के बीच होने वाले UPI ट्रांसफर पर भी MDR लागू नहीं होगा। परिवार को पैसे भेजना, दोस्तों के साथ बिल बांटना या अपने बैंक खातों के बीच पैसे ट्रांसफर करना पहले की तरह मुफ्त रहेगा।
कब लागू होंगी नई दरें?
NPCI ने अभी नई तारीख का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, उसने दिवाली के तुरंत बाद नई दरें लागू करने की बात कही थी। ऐसे में इसी महीने इनके लागू होने की संभावना है। लेकिन अभी तय नहीं है कि यह किस तारीख से लागू होने वाला है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।