RBI के रेपो रेट बढ़ाने के बाद से बैंकों ने FD की ब्याज दरों में लगातार बढ़ोतरी की है, जिससे वे निवेश के लिए पहले से अधिक आकर्षक हो गए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बीते साल मई से लेकर अब फरवरी तक रेपो रेट को बढ़ाकर 2.50 फीसदी कर दिया है। हर बार रेपो रेट बढ़ने पर बैंकों ने एफडी की ब्याज दरों को बढ़ाया है। जनवरी से मार्च 2023 तक चलने वाली चालू तिमाही के लिए भी सरकार ने कुछ छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। यहां आपको बता रहे हैं कि आज की डेट में पीपीएफ में निवेश करना बेहतर है या बैंक की एफडी में पैसा लगाना ज्यादा फायदेमंद है। एसबीआई (SBI), एचडीएफसी बैंक (HDFC), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI), पीपीएफ (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना, मंथली बचत योजना कई ऐसे विकल्प हैं जिनमें पैसा निवेश किया जा सकता है। यहां आपको प्रमुख बैंकों के ब्याज और पीपीएफ के मिल रहे ब्याज के बारे में बता रहे हैं।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) एफडी दरें
SBI सामान्य लोगों के एफडी पर 3 प्रतिशत से 6.75 प्रतिशत के बीच और सीनियर सिटीजन को 3.5 प्रतिशत से 7.25 प्रतिशत के बीच ब्याज दे रहा है। बैंक 7 दिन से 10 सालों की एफडी दे रहा है। 2 से 3 साल की एफडी पर बैंक अधिकतम ब्याज दे रहा है।
एचडीएफसी बैंक की एफडी दरें
एचडीएफसी आम लोगों को 3 प्रतिशत से 7 प्रतिशत तक और सीनियर सिटीजन को 3.5 प्रतिशत से 7.75 प्रतिशत तक की दर से ब्याज दे रहा है। बैंक 7 दिन से 10 साल की एफडी दे रहा है। 2 से 3 साल तक की एफडी पर सबसे ज्यादा ब्याज ऑफर कर रहा है।
आईसीआईसीआई बैंक की एफडी दरें
आईसीआईसीआई आम लोगों को 3 प्रतिशत से 7 प्रतिशत के बीच और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 3.5 प्रतिशत से 7.5 प्रतिशत के बीच ब्याज दे रहा है। आईसीआईसीआई बैंक भी 7 दिन से 10 साल तक की एफडी दे रहा है।
सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF) लंबे समय का सबसे निवेश का सबसे अच्छा विकल्प है। सरकार ने इस तिमाही के लिए पीपीएफ की ब्याज दर 7.1 फीसदी रखी है। ये ब्याज कंपाउंड इंटरेस्ट के तहत निकाला जाता है। पीपीएफ में 15 साल के लिए निवेश होता है।
बैंक एफडी में अभी के समय में 2 से 3 साल के निवेश पर 7 फीसदी का ब्याज मिल जाएगा। इसका लॉकइन पीरियड भी 3 साल का होगा। यानी, पैसा कम समय के लिए बंधेगा। वहीं, पीपीएफ में 15 साल का लॉकइन पीरियड होता है। पीपीएप का बड़ा फायदा ये है कि इसमें ब्याज कंपाउंड इंटरेस्ट के तहत लगता है तो इसमें ज्यादा फायदा होता है।