यस बैंक ने सैलरी और मर्चेंट अकाउंट में किए बड़े बदलाव, 1 अक्टूबर से लागू होंगे नए नियम

YES बैंक 1 अक्टूबर 2025 से सैलरी, डिफेंस और मर्चेंट अकाउंट्स के लिए नए फीस नियम लागू करेगा। इसमें डेबिट कार्ड, ATM, चेक, ECS और कैश ट्रांजैक्शन के चार्ज शामिल हैं, साथ ही न्यूनतम बैलेंस और शुल्क छूट की शर्तें भी तय की गई हैं। जानिए डिटेल्स।

अपडेटेड Sep 01, 2025 पर 2:29 PM
Story continues below Advertisement
Smart Salary Advantage अकाउंट होल्डर्स को RuPay डेबिट कार्ड ₹199 की जॉइनिंग फीस पर मिलेगा।

प्राइवेट सेक्टर के YES बैंक ने सैलरी और डिफेंस से जुड़े अकाउंट के लिए फीस स्ट्रक्चर में बदलाव की घोषणा की है। नया शेड्यूल ऑफ चार्जेस 1 अक्टूबर 2025 से लागू होगा। इसका असर Smart Salary अकाउंट्स और Yes Vijay अकाउंट्स के ग्राहकों पर पड़ेगा। इसमें एडवांटेज, एक्सक्लूसिव, डिफेंस पेंशन और अग्निवीर वेरिएंट शामिल हैं।

Smart Salary अकाउंट्स

नए नियमों के तहत Smart Salary Advantage अकाउंट होल्डर्स को RuPay डेबिट कार्ड ₹199 की जॉइनिंग फीस पर मिलेगा। वहीं Smart Salary Exclusive और उससे ऊपर के वेरिएंट्स को Engage या Explore डेबिट कार्ड दिए जाएंगे। जॉइनिंग और रिन्यूअल फीस तभी माफ होगी जब ग्राहक ₹10,000 की न्यूनतम मासिक सैलरी क्रेडिट या एवरेज मंथली बैलेंस (AMB) बनाए रखेंगे।


अन्य बैंकों के एटीएम पर प्रति माह मेट्रो शहरों में तीन और नॉन-मेट्रो में पांच ट्रांजैक्शन फ्री रहेंगे। इसके बाद प्रत्येक फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर ₹23 और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर ₹10 शुल्क लगेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैश विदड्रॉल पर ₹150 और बैलेंस इन्क्वायरी पर ₹20 का चार्ज लगेगा।

चेक रिटर्न के लिए पहली बार ₹500 और उसके बाद ₹750 प्रति इंस्ट्रूमेंट शुल्क लगेगा। ECS रिटर्न पर पहली बार ₹550 और बाद में ₹600 चार्ज तय किया गया है। सैलरी अकाउंट को जीरो-बैलेंस अकाउंट माना जाएगा। लेकिन, अगर लगातार तीन महीने तक वेतन क्रेडिट नहीं होता, तो अकाउंट को रेगुलर सेविंग्स अकाउंट में बदला जा सकता है। इस स्थिति में नॉन-मेंटेनेंस चार्ज अधिकतम ₹750 तक लगाया जाएगा।

Yes Vijay अकाउंट्स

Yes Vijay अकाउंट होल्डर्स को Element और Engage डेबिट कार्ड मुफ्त मिलेंगे। ब्रांच या बल्क नोट एक्सेप्टर से नकद लेन-देन ₹1 लाख तक या महीने में दो ट्रांजैक्शन तक फ्री रहेंगे। इसके बाद ₹1,000 पर ₹4.5 (न्यूनतम ₹150) का शुल्क लगेगा।

इन खातों में अपर्याप्त बैलेंस पर चेक रिटर्न चार्ज पहली बार ₹350 और बाद में ₹750 तय किया गया है। ECS रिटर्न पर पहली बार ₹500 और बाद में ₹550 का शुल्क लिया जाएगा।

डिफेंस और पेंशन अकाउंट्स

डिफेंस और पेंशन अकाउंट होल्डर्स को पहले की तरह YES बैंक एटीएम पर असीमित फ्री ट्रांजैक्शन, फ्री NEFT/RTGS (इनवर्ड और आउटवर्ड), और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मिलती रहेंगी।

मर्चेंट अकाउंट में भी बदलाव

YES बैंक ने Merchant Easy और Merchant Prime करंट अकाउंट्स के लिए फीस स्ट्रक्चर में बदलाव किए हैं, जो 1 अक्टूबर से लागू होंगे। Merchant Easy अकाउंट में पिछले महीने की एवरेज मंथली बैलेंस (AMB) का 12 गुना और अधिकतम ₹1.5 करोड़ तक कैश डिपॉजिट फ्री रहेगा।

Merchant Prime में यह लिमिट 15 गुना और ₹5 करोड़ तक होगी। सीमा से अधिक डिपॉजिट पर ₹1,000 पर ₹4 (न्यूनतम ₹50) चार्ज लगेगा। छोटे नोटों की फ्री लिमिट ₹10,000 मासिक होगी, इसके बाद 2% शुल्क लगेगा, जबकि सिक्कों में डिपॉजिट ₹1,000 तक फ्री और उसके बाद 5% चार्ज पर होगा।

Merchant Easy के लिए ₹25,000 और Merchant Prime के लिए ₹50,000 का AMB जरूरी होगा। कमी होने पर ₹250 से ₹500 तक पेनल्टी लगेगी। हालांकि POS, QR या साउंडबॉक्स से तय ट्रांजैक्शन वैल्यू पूरी करने पर AMB मेंटेनेंस से छूट मिलेगी।

IMPS की पहली पांच ट्रांजैक्शन मुफ्त 

RTGS, NEFT और इंट्रा-बैंक ट्रांसफर फ्री रहेंगे। IMPS की पहली पांच ट्रांजैक्शन मुफ्त होंगी, उसके बाद ₹2.5 से ₹15 तक चार्ज लगेगा। चेकबुक 100 पन्नों तक फ्री होगी, बाद में प्रति पन्ना ₹2 शुल्क लिया जाएगा।

एक EMI चूकने की कीमत! आखिर कितना घट सकता है क्रेडिट स्कोर, समझिए पूरा कैलकुलेशन

दोनों अकाउंट्स पर Element Business Debit Card मिलेगा, जिसकी वार्षिक फीस ₹349 होगी। इंटरनेशनल विदड्रॉल पर ₹150 और बैलेंस इन्क्वायरी पर ₹20 चार्ज लगेगा। नॉन-YES बैंक एटीएम पर मेट्रो में 3 और नॉन-मेट्रो में 4 ट्रांजैक्शन फ्री रहेंगे। इसके बाद फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर ₹23 और नॉन-फाइनेंशियल पर ₹10 चार्ज होगा।

चेक और ECS रिटर्न पर ₹750 शुल्क लगेगा। टेक्निकल चेक रिटर्न पर ₹50 और आउटस्टेशन कलेक्शन पर ₹100 चार्ज लिया जाएगा। प्रिंटेड स्टेटमेंट पर ₹100 और अकाउंट क्लोजर पर ₹500 से ₹750 तक शुल्क लगेगा। SMS, ईमेल अलर्ट और ज्यादातर डिजिटल सेवाएं फ्री रहेंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।