Yes Bank ने फ्लोटिंग रेट फिक्स्ड डिपॉजिट लॉन्च किया है। बैंक का दावा है कि यह इंडिया में फिक्स्ड डिपॉजिट का ऐसा पहला प्रोडक्ट है। इसमें ग्राहकों को फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़ी सुरक्षा मिलेगी। साथ ही डायनेमिक इंटरेस्ट रेट का फायदा मिलेगा। यस बैंक प्राइवेट सेक्टर का बैंक है। आइए इस प्रोडक्ट की खास बातें जानते हैं।
Floating Rate Fixed Deposit की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह रेपो रेट से लिंक्ड है। इससे ग्राहक को फिक्स्ड डिपॉजिट का रिटर्न रेपो रेट पर निर्भर करेगा। रेपो रेट बढ़ने पर रिटर्न बढ़ जाएगा। रेपो रेट घटने पर रिटर्न कम हो जाएगा। फिलहाल, ग्राहकों को ज्यादा इंटरेस्ट रेट का फायदा मिलने की उम्मीद है। इसकी वजह यह है कि लंबे समय तक बहुत कम रहने के बाद RBI ने रेपो रेट बढ़ाना शुरू किया है। आने वाले कुछ तिमाहियों में इसमें वृद्धि का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
RBI इकोनॉमी की स्थिति को देखते हुए रेपो रेट में बदलाव करता है। काफी समय बाद मई में RBI रेट 0.40 फीसदी बढ़ाया था। फिर, उसने जून में रेपो रेट 0.50 फीसदी बढ़ा दिया। इस तरह करीब 5 हफ्ते में रेपो रेट 0.90 फीसदी बढ़ चुका है।
यस बैंक के इस खास प्रोडक्ट की अवधि 1 साल से लेकर तीन साल से कम होगी। कस्टमर अपनी जरूरत के हिसाब से अवधि तय कर सकते हैं। अगर कस्टमर कम समय के लिए पैसा फिक्स्ड डिपॉजिट करना चाहता है तो वह एक साल की अवधि सेलेक्ट कर सकता है। ग्राहक को कम से कम 10,000 रुपये का डिपॉजिट इस प्रोडक्ट में करना होगा। अधिकतम डिपॉजिट 5 लाख करोड़ रुपये से कम होना चाहिए।
Yes Bank के एमडी एवं सीईओ प्रशांत कुमार ने कहा, "फ्लोटिंग रेट फिक्स्ड डिपॉजिट अपनी तरह का अकेला एफडी प्रोडक्ट है। इसका एक बड़ा फायदा यह है कि रेपो रेट में बदलाव होने पर इसके इंटरेस्ट रेट में अपने आप बदलाव हो जाएगा। इसमें बैंक या ग्राहक को कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।"
कुमार ने कहा कि फ्लोटिंग रेट फिक्स्ड डिपॉजिट शुरू करने से पहले काफी विचार किया गया। यह हमारे रिटेल प्रोडक्ट ऑफरिंग को बढ़ाने की दिशा में हमारा नया कदम है। यस बैंक अपने बिजनेस के विस्तार पर फोकस कर रहा है।