डेट मार्केट में निवेश करने वाले रिटेल निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। बहुत जल्दी बॉन्ड मार्केट में सरकारी कंपनियां टैक्स फ्री बॉन्ड लेकर आने वाली हैं। अनुमान है कि मौजूदा वित्त वर्ष 2015-16 में 30 हजार से 40 हजार करोड़ रुपये के टैक्स फ्री बॉन्ड मार्केट में आएंगे।
इनमें सबसे बड़ा इश्यू इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन यानी आईआरएफसी का होगा, जो 15 से 17 हजार करोड़ रुपये के टैक्स फ्री बॉन्ड इश्यू कर सकती है। इस वित्त वर्ष में जो बॉन्ड आएंगे, जानकारों की राय में उन पर 7 से 1.25 फीसदी का सालाना रिटर्न मिलने की उम्मीद है। हालांकि ये पिछले साल की तुलना में 1.5 फीसदी तक कम होगा।
टैक्स फ्री बॉन्ड ज्यादातर सरकारी कंपनियां जारी करती है। इनमें 10, 15 या 20 साल की लंबी अवधि के लिए निवेश किया जा सकता है। इन बॉन्डों में किए गये निवेश पर ब्याज दर पूरी अवधि के लिए निर्धारित होती है। इन बॉन्डों पर मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स से मुक्त होता है। ब्याज पर कोई टीडीएस भी नहीं लगता। लेकिन निवेशित रकम पर कोई टैक्स छूट नहीं मिलती।
इन बॉन्डों की ब्याज की रकम का सालाना भुगतान होता है। टैक्स फ्री बॉन्ड ऊंचे टैक्स स्लैब वाले निवेशकों के लिए एफडी से बेहतर निवेश विकल्प होते हैं। इसके साथ ही ये बॉन्ड आय का नियमित स्रोत पसंद करने वाले निवेशकों के लिए भी बेहतर होते हैं।