7th Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह में आने वाले मंगलवार का हिंदू धर्म में विशेष स्थान है। इस दिन राम भक्त हनुमान की पूजा करने से जीवन दुख और तकलीफों से मुक्त होता है। इस साल ज्येष्ठ माह में अधिक मास लगने की वजह से 8 बड़े मंगल का संयोग बना है। आज संपूर्ण ज्येष्ठ माह का 7वां मंगलवार है। यूं तो हर हफ्ते के मंगलवार पवनपुत्र को समर्पित होते हैं, लेकिन ज्येष्ठ माह के मंगलवार का विशेष स्थान है। इस दिन हनुमान जी विधि-विधान से पूजा करने से कई ग्रह दोष दूर होते हैं और जीवन में खुशहाली आती है। जीवन के साथ ही घर-परिवार से भी नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। आज के दिन कुछ विशेष उपाय करने पर हनुमत भक्तों को अंजनीपुत्र की विशेष कृपा प्राप्त होती है। आइए जानें
'ऋणमोचक मंगल स्तोत्र' का पाठ : पुराने कर्ज से मुक्ति चाहते हैं, तो सातवें बड़े मंगल पर ऋणमोचक मंगल स्तोत्र का पाठ करें। इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
चमेली के तेल का दीपक : शाम के समय हनुमान मंदिर में चमेली के तेल का मिट्टी का एक बड़ा दीपक जलाएं। उसमें दो लौंग भी डाल दें। यह उपाय नौकरी और व्यापार में आ रही बाधाओं को दूर करता है।
हनुमान जी को चोला चढ़ाएं : सातवें बड़े मंगल के दिन हनुमान जी को चोला अर्पित करें। चोला चढ़ाते समय अपनी मनोकामना मन में दोहराएं। इससे ग्रह दोष शांत होते हैं और दुर्घटनाओं से रक्षा होती है।
बूंदी या बेसन के लड्डू का भोग : बजरंगबली को बूंदी, बेसन के लड्डू या मलाईदार पेड़े अत्यंत प्रिय हैं। सातवें बड़े मंगल पर हनुमान जी को इनका भोग लगाएं और अधिक से अधिक लोगों में बांटें।
सुंदरकांड या हनुमान चालीसा का पाठ : इस विशेष दिन पर घर में या मंदिर जाकर सुंदरकांड का पाठ करें। इससे मानसिक तनाव दूर होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है।
राम नाम का कीर्तन या जप : हनुमान जी को प्रसन्न करने का सबसे आसान तरीका है भगवान श्री राम की आराधना। इस दिन तुलसी की माला से ॐ राम रामाय नमः या श्री राम जय राम जय जय राम मंत्र का कम से कम 108 बार जप करें।
बंदरों और गायों को भोजन : हनुमान जी के प्रतीक स्वरूप इस दिन बंदरों को गुड़ और चना खिलाएं। काली गाय को भीगे हुए चने या मीठी रोटी खिलाने से शनि देव और हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है।
पीपल के पत्तों की माला : पीपल के 11 साफ और बिना फटे पत्तों पर कुमकुम से 'श्री राम' लिखें। इन पत्तों की माला बनाकर हनुमान जी को पहनाएं। इससे धन संबंधी परेशानियां दूर होती हैं।
जरूरतमंदों को दान : इस दिन गर्मी से राहत दिलाने वाली मिट्टी का घड़ा, छाता, सूती वस्त्र, या जूते-चप्पल चीजों का दान करें। नि:स्वार्थ भाव से किया गया दान हनुमान जी को तुरंत प्रसन्न करता है।
भंडारा और ठंडे पानी का वितरण : भीषण गर्मी के इस मौसम में बड़े मंगल पर राहगीरों के लिए ठंडे पानी, शरबत या शिकंजी की व्यवस्था करें, भंडारे का आयोजन महापुण्य माना जाता है।
इस दिन पूजा के दौरान ॐ हं हनुमते रुद्रात्मकायं हुं फट्।' मंत्र का जप करने से सभी नकारात्मक शक्तियां और शत्रु बाधा दूर हो जाती है। ध्यान रहे कि इस दिन पूरी तरह से सात्विक रहें, ब्रह्मचर्य का पालन करें और किसी का भी अनादर न करें।