Holi 2026 Vastu Tips: होली का त्योहार चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाते, गले मिलते हैं, खुशियां मनाते हैं और जायकेदार चीजों का लुत्फ उठाते हैं। लेकिन ये दिन त्योहारों की खुशियां मनाने के साथ-साथ घर की सुख-शांति और खुशहाली के लिए उपाय करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। वास्तु शस्त्र के अनुसार, होली के दिन रंग खेलने से पहले सुबह-सुबह अगर कुछ उपाय कर लिए जाएं तो परिवार से बुरी नजर और कलेश-कलह दूर हो जाते हैं। ये कुछ बेहद आसान से टोटके करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। ऋषिकेश के ज्योतिषी अखिलेश पांडेय ने लोकल 18 के साथ बातचीत में ऐसे ही तीन उपाय बताए हैं, जिन्हें इस होली अपनाकर अपने घर और परिवार से नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सकते हैं। मान्यता है कि इस दिन किए गए छोटे-छोटे उपाय पूरे साल के लिए शुभ फल दे सकते हैं। आइए जानें इनके बारे में
रंग खेलने से पहले करें ये उपाय
वास्तु और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, होली के दिन वातावरण में ऊर्जा का विशेष प्रभाव रहता है, इसलिए इस समय किए गए शुभ कार्य कई गुना फलदायी माने जाते हैं।
मुख्य द्वार पर छिड़कें गंगाजल : सबसे पहला उपाय घर के मुख्य द्वार से जुड़ा है। होली की सुबह स्नान के बाद घर के मुख्य दरवाजे पर गंगाजल का छिड़काव करना चाहिए। गंगाजल पवित्र और शुद्धिकरण का प्रतीक है। इससे घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है। इसके बाद हल्दी या गुलाल से दरवाजे पर मंगल और समृद्धि का प्रतीक स्वस्तिक बनाएं।
होलिका दहन की राख का तिलक लगाएं : होली से पहले फाल्गुन मास की पूर्णिमा को होलिका दहन किया जाता है। मान्यता है कि इस राख में नकारात्मक शक्तियों को नष्ट करने की प्रतीकात्मक ऊर्जा होती है। इसलिए होली के दिन सुबह होलिका दहन की राख को घर लाकर माथे पर उसका तिलक लगाने से बुरी नजर और बाधाएं दूर रहती हैं। होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। घर से नकारात्मकमा को दूर करने के लिए कई लोग इसे घर के कोनों में भी छिड़कते हैं।
सबसे पहले परिवार के बड़ों को लगाएं रंग : यह उपाय परिवार के सदस्यों के बीच प्यार को बढ़ाता है। होली रंगों के साथ-साथ दिलों को जोड़ने का भी पर्व है। इस दिन सुबह सबसे पहले होली की शुरुआत अपने परिवार के बड़े-बुजुर्गों के साथ करें। रंग लगाने से पहले परिवार के सभी सदस्य एक साथ भगवान का स्मरण करें। इसके बाद घर के बड़े-बुजुर्गों को रंग लगाकर उनका आशीर्वाद लें। माना जाता है कि बड़ों का आशीर्वाद जीवन की बाधाओं को कम करता है और कार्यों में सफलता दिलाता है।