Nautapa Auspicious Five Plants: गर्मियों के मौसम के सबसे गर्म नौ दिनों को नौतपा कहा जाता है। यह समय मौसम के लिहाज से अहम माना जाता है। वहीं, इसका ज्योतिष और वास्तु शास्त्र में भी खास स्थान है। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, सूर्य देव के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने पर नौतपा लगता है। ये चंद्रमा का नक्षत्र है और सूर्य देव इसमें 15 दिनों तक रहते हैं, लेकिन पहले नौ दिनों का समय मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण माना जाता है।
रोहिणी नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं, जो शीतलता के कारक माने जाते हैं। जब सूर्य इस नक्षत्र में आते हैं, तो लोक मान्यता के अनुसार सूर्य की गर्मी अधिक प्रभावी हो जाती है। इन नौ दिनों में सूर्य देव की तपिश पृथ्वी पर अधिक पड़ती है, जिससे मौसम में गर्मी बढ़ जाती है। नौतपा के दौरान सूर्यदेव अपने उग्र रूप में होते हैं। धार्मिक मान्यताओं में इसे मानसून के गर्भकाल से भी जोड़ा जाता है। माना जाता है कि नौतपा में कुछ खास पौधे लगाने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन की कई समस्याएं दूर हो सकती हैं।
सूर्य रोहिणी प्रवेश : 15:37 बजे
सूर्य रोहिणी में रहेंगे : 8 जून 2026, 13:33 बजे तक
धार्मिक उपाय : नौतपा में सुबह सूर्य देव को तांबे के लोटे में जल, लाल फूल और अक्षत डालकर अर्घ्य देना चाहिए। इस दौरान जल दान, छाता दान, मटका दान, सफेद वस्त्र, खीरा, तरबूज, शरबत और जूते-चप्पल का दान शुभ माना जाता है।
वास्तु अनुसार उपाय : नौतपा में ये पौधे
आंवला का पेड़ : आंवला में भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का वास माना जाता है। इसे लगाने से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य मिलता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
केले का पेड़ : ज्योतिषाचार्यों के अनुसार केले का पौधा लगाने से भगवान विष्णु और गुरु ग्रह की कृपा प्राप्त होती है। इससे घर में समृद्धि और वैवाहिक सुख बढ़ता है।
तुलसी का पौधा : वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, नौतपा में मां लक्ष्मी का रूप कहा जाने वाले तुलसी का पौधा लगाना अत्यंत शुभ माना जाता है। इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और सुख-शांति बनी रहती है।
शमी का पौधा : शमी को शनिदेव का प्रतीक माना जाता है और नौतपा में लगाने की सलाह दी जाती है। शमी का पौधा लगाने से कुंडली में शनि की स्थिति मजबूत होती है और जीवन की परेशानियां कम होती हैं।
चमेली और मोगरा : ये सुगंधित पौधे वातावरण को शुद्ध करने के साथ मानसिक शांति भी प्रदान करते हैं।
पीपल का पेड़ : इसमें भगवान विष्णु, ब्रह्मा और शिव का वास होता है। माना जाता है कि नौतपा में पीपल का पेड़ लगाने से पितरों का आशीर्वाद मिलता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
ये पौधे भी होते हैं मंगलकारी
इसके अलावा, नौतपा में नीम, बिल्वपत्र, बरगद, अशोक, इमली और आम के पेड़ लगाने से भी पापों से मुक्ति मिलती है, जिससे जीवन की समस्याएं कम होती हैं। ये पौधे ना केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि पर्यावरण को भी शुद्ध रखते हैं।