Mary Kom: 'जूनियर बॉक्सर के साथ मैरी कॉम का था अफेयर...', पति ने लगाए हैरान कर देने वाले आरोप

Boxer Mary Kom: पति ने आरोप लगाया कि, 2017 से वह मैरी कॉम बॉक्सिंग एकेडमी में काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ रिश्ते में है। मेरे पास इसके सबूत हैं, जिनमें उनके व्हाट्सएप मैसेज और उस व्यक्ति का नाम भी शामिल है। इसके बावजूद मैं अब तक चुप रहा

अपडेटेड Jan 13, 2026 पर 3:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ओलंपिक मेडलिस्ट और छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरी कॉम पर उनके पति ने कई आरोप लगाए हैं

भारत की स्टार महिला बॉक्सर मैरी कॉम पर उनके पूर्व पति ने एक हैरान करने वाला आरोप लगाया है।ओलंपिक मेडल विनर मैरी कॉम के पूर्व पति करंग ओन्खोलर ने उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि मैरी कॉम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी हुई और उनकी अपनी कमाई से खरीदी गई जमीन भी चली गई। ओन्खोलर ने इन दावों को झूठा बताया है। इसके उलट, ओन्खोलर ने आरोप लगाया कि मैरी कॉम के शादी के बाहर संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके वैवाहिक रिश्तों में दिक्कतें कोई नई बात नहीं हैं, बल्कि ये पिछले दस साल से भी ज्यादा समय से चली आ रही हैं।

मैरी कॉम का जूनियर बॉक्सर के साथ संबंध...

ओन्खोलर के मुताबिक, साल 2013 में मैरी कॉम का एक जूनियर बॉक्सर के साथ संबंध था, जिस वजह से दोनों परिवारों के बीच काफी विवाद हुआ। बाद में उस मामले में समझौता हो गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि साल 2017 के बाद से मैरी कॉम का उनकी बॉक्सिंग एकेडमी से जुड़े एक व्यक्ति के साथ रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि, “मैं वही बात बता रहा हूं, जो उसने लोक अदालत में कही थी। सबसे पहले, साल 2013 में उसका एक जूनियर बॉक्सर के साथ रिश्ता था। इस बात को लेकर हमारे दोनों परिवारों में काफी विवाद हुआ, लेकिन बाद में समझौता हो गया।


इसके बाद 2017 से वह मैरी कॉम बॉक्सिंग एकेडमी में काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ रिश्ते में है। मेरे पास इसके सबूत हैं, जिनमें उनके व्हाट्सएप मैसेज और उस व्यक्ति का नाम भी शामिल है। इसके बावजूद मैं अब तक चुप रहा,” यह बात करंग ओन्खोलर ने न्यूज़ एजेंसी IANS से कही।

पति ने लगाए हैरान कर देने वाले आरोप

ओन्खोलर ने आगे कहा कि उन्हें इस बात से कोई दिक्कत नहीं है कि मैरी कॉम अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ें, लेकिन उन्होंने सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा, “वह अकेले रहना चाहती थी और दूसरा रिश्ता बनाना चाहती थी। हमारा तलाक हो चुका है। अगर वह दूसरा पति चाहती है तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन मुझ पर बिना सबूत के आरोप न लगाए जाएं। अगर आरोप लगाने हैं, तो उसके सबूत और कागज़ात सामने लाए जाएं। मुझे पता है कि वह कहां रहती है और किसके साथ रहती है।”

उन्होंने पैसों की गड़बड़ी से जुड़े आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी मौजूदा हालत खुद इन दावों को गलत साबित करती है। उन्होंने कहा कि उन पर करोड़ों रुपये होने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उनके मुताबिक, “उसने प्रॉपर्टी की बात की और मेरा नाम हटाने को कहा। उसने यह भी कहा कि मैंने 5 करोड़ रुपये चुरा लिए हैं। अगर ऐसा है, तो मेरा बैंक अकाउंट चेक किया जाए।”

ओन्खोलर ने आगे कहा कि 18 साल की शादी के दौरान वे हमेशा साथ रहे, लेकिन अब अचानक ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि वे दिल्ली में किराए के मकान में रहते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति किसी भी तरह से बड़े पैसों वाले व्यक्ति जैसी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पत्नी एक सेलेब्रिटी हैं, इसलिए उनकी बातों पर लोग जल्दी भरोसा कर लेते हैं। “वह जो कहती हैं, कुछ लोग उसे सच मान लेते हैं और कुछ नहीं। लेकिन सच्चाई यही है कि मेरी ज़िंदगी बहुत साधारण है,” उन्होंने कहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।