आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। पंजाब किंग्स की टीम अपने अभियान की शुरुआत 31 मार्च को गुजरात टाइंटस के खिलाफ करेगी। वहीं मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन को लेकर बड़ी खबर आ रही है। निजी कारणों की वजह से लॉकी फर्ग्यूसन टीम के पहले सात मैच नहीं खेल पाएंगे। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे। आईपीएल 2026 में पर्सनल रीजन की वजह से बाहर रहने के लॉकी फर्ग्यूसन के फैसले पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रही हैं। इसी बीच भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने इस फैसले पर नाराज़गी जताई है।
लॉकी फर्ग्यूसन ने कहा, वह आईपीएल 2026 के बाद के मुकाबलों में खेलने से पहले अपनी पत्नी और नवजात बच्चे के साथ कुछ समय बिताना चाहते हैं। इस मैच में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
लॉकी फर्ग्यूसन ने क्या कहा
लॉकी फर्ग्यूसन ने कहा, “अभी मेरा एक छोटा बेटा हुआ है, इसलिए मैं घर पर ज्यादा से ज्यादा समय बिताने और अपनी पत्नी की मदद करने की कोशिश कर रहा हूं। इसके बाद मुझे कुछ हफ्तों का ब्रेक मिलेगा, फिर मैं आईपीएल के बाद के चरण में जुड़ूंगा और उसके बाद सर्दियों में बाहर जाऊंगा।”
भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा कि परिवार के साथ समय बिताना बिल्कुल सही है। आकाश चोपड़ा ने कहा, “मैं लॉकी फर्ग्यूसन के बारे में सोच रहा हूं। दरअसल, यह एक गंभीर मामला है। क्या वह चोटिल है... मुझे नहीं पता, वह चोटिल है या नहीं? लेकिन जो मैंने पढ़ा है, उसके मुताबिक वह सात मैचों के लिए उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा है, ‘मैं परिवार के साथ कुछ समय बिताना चाहता हूं।’”
आपने कोई कमिटमेंट किया है...
चोपड़ा ने कहा, “लॉकी फर्ग्यूसन को बेस प्राइस पर चुना गया था, है ना? 2 करोड़ में खरीदा गया। वह अपनी टीम के लिए खेल रहा है, न्यूजीलैंड के लिए खेल रहा है और फिर वह ब्रेक लेगा। वह घर जाएगा और परिवार के साथ समय बिताएगा। ये कोई बुरी बात नहीं है। फिर से, किसी को जज मत करो। आपको कभी किसी को जज नहीं करना चाहिए। मुझे अपने परिवार के साथ समय बिताना पसंद है।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर कोई मुझसे छुट्टी लेने के लिए कहता है, तो मैं कहता हूं, ‘मैं ले लूंगा; मैं घर पर बैठूंगा।’ मुझे अपने परिवार से प्यार है, चाहे बच्चे हों, माता-पिता हों या मेरी पत्नी, सबके साथ समय बिताना मुझे अच्छा लगता है। लेकिन अगर आपने कोई कमिटमेंट किया है और आप आईपीएल में सिर्फ उसके लिए सात मैच छोड़ रहे हैं, तो टीमों को यह समझना होगा कि यह सही नहीं है।”