आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला आरसीबी और एसआरएच के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला 29 मार्च को मुंबई इंडियंस (MI) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा का मानना है कि जसप्रीत बुमराह आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए फिर से अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल 2025 में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने 12 मैचों में 18 विकेट लिए और उनका औसत 17.56 तथा इकॉनमी रेट 6.68 रहा। पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस क्वालिफायर-2 तक पहुंची थी, लेकिन वहां उसे पंजाब किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था।
JioStar पर आकाश चोपड़ा ने कहा, “अगर आपका नाम जसप्रीत बुमराह है, तो प्रेशर अपने आप आ जाता है। वह ऐसे गेंदबाज हैं जो हर मैच में असर डालते हैं, विकेट लेने की गारंटी देते हैं और विरोधी टीम को रोकते हैं। यही वजह है कि उनके ऊपर जिम्मेदारी भी ज्यादा होती है, क्योंकि उनके चार ओवर मुंबई इंडियंस के लिए सबसे कीमती होते हैं। आमतौर पर एक ओवर पावरप्ले में, बीच के ओवरों में और दो डेथ ओवर में फेंकते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, “वह बुमराह हैं, इसलिए यह दबाव हमेशा रहेगा। चाहे ट्रेंट बोल्ट अच्छी गेंदबाजी करें या दीपक चाहर पूरी तरह फिट हों, बुमराह पर रहने वाला दबाव कम नहीं होगा। लेकिन अगर बोल्ट फिट रहते हैं, तो मुंबई इंडियंस उन्हें टीम में बनाए रखना चाहेगी। टीम चाहेगी कि बोल्ट और दीपक चाहर के साथ नई गेंद से स्विंग मिले।”
प्वेइंग 11 को लेकर क्या कहा
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, “शार्दुल ठाकुर दीपक चाहर की जगह लेने के लिए एक अच्छे विकल्प हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह उनसे आगे खेलेंगे। अगर दीपक चाहर फिट हैं, ट्रेंट बोल्ट फिट हैं, तो जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या के साथ ये चारों मुंबई इंडियंस के मुख्य तेज गेंदबाज़ होंगे। कॉर्बिन बॉश भी टीम में हैं और वह एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं, लेकिन आप सभी विदेशी खिलाड़ियों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में नहीं खिला सकते।”