Abhishek Sharma: 'पिछले मैच से पहले मैं टीम बस में किसी...' अभिषेक शर्मा ने 14 गेंदों में लगाई फिफ्टी, खुद बताया कैसे मिली मदद

Abhishek Sharma: गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 14 गेंदों में तूफानी अर्धशतक लगाया। BCCI द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में अभिषेक ने बताया कि पिछले मैच में की गई एक छोटी गलती सुधारने और एक बदलाव से उन्हें फिर से लय हासिल करने में मदद मिली

अपडेटेड Jan 26, 2026 पर 5:01 PM
Story continues below Advertisement
भारत ने आक्रामक बल्लेबाजी से मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया

Abhishek Sharma: भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुवाहाटी में खेला गया तीसरा मुकाबला काफी खास रहा। इस मुकाबले में भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ पारी खेली थी। दूसरे टी20 में शून्य पर आउट होने के बाद अभिषेक ने जबरदस्त वापसी करते हुए और सिर्फ 14 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा, जो टी20 इंटरनेशनल में किसी भारतीय की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। इस बेखौफ पारी से भारत ने आसानी से 10 ओवर में ही 154 रन के टारगेट को हासिल कर लिया। तीसरे टी20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से मात दी है। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैंचों की सीरीज पर कब्जा कर लिया है। हाल में एक वीडियो में अभिषेक ने अपनी इस पारी के पीछे एक हल्का-फुल्का और सुपरस्टिशन कारण बताया।

BCCI द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने टीम के साथी अर्शदीप सिंह से बातचीत में बताया कि पिछले मैच में उनसे क्या गलती हुई थी और कैसे एक छोटे से बदलाव ने उन्हें फिर से लय में आने में मदद की।

अभिषेक ने क्या कहा


अभिषेक ने अर्शदीप से मजाकिया अंदाज में कहा, “पिछले मैच से पहले मैं टीम बस में किसी दूसरी सीट पर बैठ गया था, और फिर आपने देखा कि क्या हुआ, कब आया और कब गया पता ही नहीं चला।” तीसरे टी20 मैच को याद करते हुए उन्होंने मुस्कुराकर कहा, “इस बार मैच से पहले मैं अपनी पुरानी सीट पर ही बैठा। मैं सभी खिलाड़ियों से यही कहना चाहूंगा कि अपनी तय जगह पर ही बैठें और खासकर टूर्नामेंट के दौरान किसी तरह का एक्सपेरिमेंट न करें।”

 

भारत ने आसानी से जीत दर्ज की

154 रन के छोटे टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने आक्रामक बल्लेबाजी से मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में सात चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। वहीं दूसरी ओर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए 26 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों के साथ नाबाद 57 रन की पारी खेली। दोनों की धमाकेदार बल्लेबाजी से भारत ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों में नाबाद 102 रन की साझेदारी की और न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

भारत ने महज 10 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 60 गेंदें बाकी रहते आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की बढ़त बना ली। मैच में पहले भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर जीत की मजबूत नींव रखी। वापसी कर रहे रवि बिश्नोई ने असरदार गेंदबाजी की, जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने अपने अनुभव से रन गति पर कंट्रोल रखा। इन गेंदबाजों की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।