सनराइजर्स हैदराबाद की को-ओनर काव्या मारन की नई टीम सनराइजर्स लीड्स ने ‘द हंड्रेड’ 2026 ऑक्शन में पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। अबरार को करीब 1.90 लाख पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में टीम में शामिल किया गया। पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को काव्या मारन की टीम द्वारा खरीदे जाने पर भारत में लोग नाराजगी जता रहे हैं। इस फैसले पर दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी अपनी नाराजगी जताई थी। गावस्कर का बयान चर्चा में आ गया, जिसके चलते उन्हें भी लोगों की आलोचना झेलनी पड़ी। खासतौर पर इसलिए क्योंकि वह आईसीसी के कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं। अब गावस्कर ने सामने आकर इस ट्रोलिंग पर अपनी रिएक्शन दिया है।
सुनील गावस्कर ने दिया रिएक्शन
मुंबई मिरर को दिए एक इंटरव्यू में सुनील गावस्कर ने अपने ऊपर हो रही आलोचनाओं का खुलकर जवाब दिया। पूर्व क्रिकेटर से कमेंटेटर बने गावस्कर ने साफ कहा, “हां, मैं ICC और ACC के कमेंट्री पैनल का हिस्सा रहा हूं। जहां तक मेरी जानकारी है, ICC और ACC की कमाई सभी भाग लेने वाले देशों में बांटी जाती है, लेकिन किसी भारतीय संस्था को सीधे तौर पर नहीं जाती। मुझे समझ नहीं आता कि लोग मुझे कैसे जिम्मेदार ठहरा सकते हैं, क्योंकि मैं किसी भी कमेंटेटर चाहे वह भारतीय हो या किसी और देश का को कोई भुगतान नहीं करता।”
सुनील गावस्कर ने बताया कि उन्हें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान पाकिस्तान के क्रिकेट शो ‘द ड्रेसिंग रूम’ में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। उस समय भारत के ट्रैवल प्लान को लेकर दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच काफी चर्चा चल रही थी। गावस्कर ने इंटरव्यू में कहा, “मैंने दुबई में जो शो किया, उसके लिए न तो मैंने कोई पैसे मांगे और न ही मुझे कोई भुगतान मिला।”
इसके साथ ही उन्होंने भारतीय मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी को सलाह दी कि वे दूसरी बड़ी टी20 लीग्स में पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर निवेश करने से बचें। उन्होंने कहा, “मैं CPL, ILT20 या SA20 जैसी लीग्स को फॉलो नहीं करता, इसलिए मुझे यह नहीं पता कि कौन किस टीम के लिए खेल रहा है। लेकिन अगर भारतीय मालिक किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को पैसा दे रहे हैं, तो उम्मीद है कि वे इस पर दोबारा सोचेंगे और ऐसा करना बंद करेंगे।”
बता दें, मिड-डे के लिए अपने कॉलम में अबरार अहमद को SRH द्वारा खरीदने पर गावस्कर ने लिखा था कि 'यह पैसा इनडायरेक्टली क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म को फंडिंग करने में मदद करेगा।' पाकिस्तान में जन्मे इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर अजीम रफीक ने सुनील गावस्कर के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रफीक ने गावस्कर पर दोहरे रवैये का आरोप भी लगाया और कहा कि जब वह ACC और ICC के टूर्नामेंट्स में भारत-पाकिस्तान जैसे मुकाबलों में कमेंट्री करते हैं, तो इस पर भी सवाल उठना चाहिए।