कैंसिल हुई चार्टर फ्लाइट...अब इस तरह से घर लौटेंगे वेस्टइंडीज-साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी!

वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भी घर नहीं लौट पाईं। आईसीसी की चार्टर फ्लाइट लॉजिस्टिक कारणों से कैंसिल हो गई। इसके बाद खिलाड़ियों और स्टाफ को घर भेजने के लिए अलग-अलग कमर्शियल फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 6:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वेस्ट इंडीज ने 1 मार्च और साउथ अफ्रीका ने 4 मार्च को अपने आखिरी मैच कोलकाता में खेले थे

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव की वजह से कमर्शियल फ्लाइट्स में दिक्कत आ रही है। तनाव की वजह से अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस में कई जगहों पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। वहीं मिडल-ईस्ट में खराब हालातों की वजह से वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका की टीम टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भी घर नहीं लौट पाई है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को घर भेजने के लिए आईसीसी की ओर से चार्टर फ्लाइट का इंतजाम किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीमों के लिए तय की गई चार्टर फ्लाइट लॉजिस्टिक कारणों की वजह से कैंसिल हो गई। इसके बाद आईसीसी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए अलग-अलग कमर्शियल फ्लाइट्स का इंतजाम किया है।

जय शाह की है मामले पर नजर

PTI के अनुसार ICC के एक सूत्र ने बताया, “वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग कमर्शियल फ्लाइट्स में टिकट बुक कर दिए गए हैं। जाहिर है कि सभी की सीटें एक ही एयरलाइन में नहीं मिल सकती थीं, इसलिए अलग-अलग एयरलाइंस में व्यवस्था की गई है। ICC चेयरमैन जय शाह ने खुद इस मामले में बातचीत की है और खिलाड़ियों को सुरक्षित तरीके से घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया है।” उन्होंने आगे कहा, “ये भी ध्यान देने वाली बात है कि डैरेन सैमी सोमवार रात ही रवाना हो गए थे और वह पहले ही अपने घर पहुंच चुके हैं।”


कब खेली थी दोनों टीमें आखिरी मैच

वेस्ट इंडीज ने 1 मार्च और साउथ अफ्रीका ने 4 मार्च को अपने आखिरी मैच कोलकाता में खेले थे। इसके बाद दोनों टीमों को घर लौटने में दिक्कत आई। दरअसल, ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बाद वेस्ट एशिया के कुछ इलाकों में एयरस्पेस पर पाबंदियां लग गई थीं, जिस कारण दोनों टीमों की यात्रा प्रभावित हो गई। इसी कारण आईसीसी को खिलाड़ियों को घर भेजने के लिए दूसरे इंतजाम करने पड़े। पहले योजना ये थी कि दोनों टीमें मंगलवार दोपहर को कोलकाता से एक शेयर चार्टर फ्लाइट से जोहान्सबर्ग के लिए रवाना होंगी। जोहान्सबर्ग पहुंचने पर वेस्ट इंडीज के खिलाड़ी वहां से एंटीगुआ जाने वाले थे।

हालांकि, पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक ये चार्टर फ्लाइट लॉजिस्टिक कारणों की वजह से उड़ान से कुछ घंटे पहले ही रद्द कर दी गई थी। इसके कारण दोनों टीमों के खिलाड़ियों को और इंतजार करना पड़ा।

भारत में रुक सकते हैं कुछ खिलाड़ी

वहीं पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार वेस्ट इंडीज के कुछ खिलाड़ी भारत में ही रुकने का सोच रहे हैं ताकि महीने के अंत में शुरू होने वाले आईपीएल से पहले अपनी टीमों से जुड़ सकें। रोवमैन पॉवेल कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ 18 मार्च से शुरू होने वाले कैंप में शामिल होंगे, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड मुंबई इंडियंस की टीम से जुड़ेंगे। राजस्थान रॉयल्स के शिमरोन हेटमायर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के रोमारियो शेफर्ड के भी जल्द अपनी-अपनी टीमों के साथ जुड़ने की उम्मीद है। खबरों के मुताबिक दोनों खिलाड़ी 15 मार्च से शुरू होने वाले ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा ले सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।