बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। वहीं भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को बड़ा झटका लगा है। बीसीसीआई द्वारा जारी की गई टीम में सूर्यकुमार यादव को न केवल कप्तानी से हटाया गया है, बल्कि उन्हें टी20 टीम में भी शामिल नहीं किया गया। वहीं बीसीसीआई ने सूर्या की जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया है। वहीं चीफ सेलेक्टर्स ने बताया कि सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से क्यों हटाया गया है।
अजीत अगरकर ने कहा कि ये फैसला सूर्यकुमार यादव के हालिया प्रदर्शन और भविष्य को ध्यान में रखकर टीम तैयार करने की योजना का हिस्सा है।
सूर्या को क्यों हटाया गया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीफ सेलेक्टर्स ने अजीत अगरकर ने कहा, "सूर्य के लिए ये आसान फैसला नहीं था, क्योंकि उन्होंने हाल ही में टीम को वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन हर वर्ल्ड कप के बाद टीम प्रबंधन आगे की रणनीति पर विचार करता है। उनके फॉर्म को देखते हुए और अगले वर्ल्ड कप तक के लंबे चक्र को ध्यान में रखते हुए हमें लगा कि ये सही समय है बदलाव करने का। श्रेयस अय्यर एक सक्षम कप्तान हैं और हमें विश्वास है कि वह इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभाएंगे।"
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता, लेकिन बल्लेबाज के तौर पर उनका प्रदर्शन उनकी पहचान के मुताबिक नहीं रहा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने नौ पारियों में 242 रन बनाए और कई मौकों पर बड़ी पारी खेलने से चूक गए। वहीं आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला उम्मीद के अनुसार नहीं चला। मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए सूर्या ने 13 पारियों में 270 रन बनाए।
सेलेक्टर्स ने श्रेयस अय्यर पर भरोसा जताया, जिन्होंने बल्लेबाज और कप्तान दोनों के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है। अगरकर ने कहा, "श्रेयस को लेकर हमने पिछले कुछ सालों में उनका काम देखा है। उन्होंने अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों की कप्तानी की है, एक खिताब भी जीता है और फाइनल तक भी पहुंचे हैं। इस सीजन में उनकी टीम की शुरुआत शानदार रही थी, भले ही बाद में कुछ चुनौतियां सामने आईं।" सेलेक्टर्स ने कहा, "एक कप्तान के तौर पर उन्होंने अपनी क्षमता दिखाई है। इसके अलावा उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी लगातार अच्छा रहा है। वह वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने के काफी करीब थे, लेकिन उस समय टीम संयोजन के कारण उनके लिए जगह बनाना आसान नहीं था।"
अय्यर ने कब खेला था आखिरी मैच
श्रेयस अय्यर ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच दिसंबर 2023 में खेला था। इसके बाद उन्हें टीम में ज्यादा मौके नहीं मिले, हालांकि इस साल न्यूजीलैंड सीरीज में वह चोटिल खिलाड़ी के विकल्प के रूप में टीम में शामिल हुए थे। आईपीएल में श्रेयस अय्यर ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2024 में कोलकाता को खिताब दिलाया, जबकि बल्लेबाजी में भी पिछले दो सीजनों में शानदार रन बनाकर अपनी दावेदारी मजबूत की।
अय्यर का बेहरतरीन प्रदर्शन
अगरकर ने कहा कि श्रेयस अय्यर के लगातार अच्छे प्रदर्शन और कप्तानी के अनुभव ने उन्हें टीम की अगुवाई के लिए सबसे मजबूत दावेदार बना दिया। उन्होंने कहा, "मेरे हिसाब से श्रेयस एक बेहतरीन उम्मीदवार हैं। उनके पास अब काफी अनुभव है और वह टी20 क्रिकेट में कप्तानी भी कर चुके हैं। जाहिर है, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीम की कमान संभालना एक अलग तरह की चुनौती होती है, लेकिन हमें भरोसा है कि वह इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभा सकते हैं।" ये फैसला दिखाता है कि भारतीय टीम अब अगले टी20 विश्व कप की तैयारी पर फोकस कर रही है।