विराट कोहली और रोहित शर्मा के इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी में अभी दो दिन बाकी हैं। वनडे सीरीज को लेकर अटकलें तेज हैं इसे ऑस्ट्रेलियाई धरती पर उनकी आखिरी सीरीज के रूप में देखा जा रहा है। वहीं इस सीरीज के बीच विराट कोहली की सोशल मीडिया पर एक तस्वीर काफी वायरल है। इस वायरल तस्वीर में विराट कोहली को पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जर्सी पर साइन करते हुए देखा गया, जो तेजी से वायरल हो गई। लेकिन असलियत सोशल मीडिया पर दिख रही बातों से बिल्कुल अलग है।
इस वायरल तस्वीर का सच
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह तस्वीर असली नहीं है, बल्कि उसमें एडिटिंग की गई है। असल वीडियो में विराट कोहली एक फैन के पास जाते नजर आते हैं, जिसके हाथ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जर्सी होती है। कोहली उस जर्सी पर ऑटोग्राफ देने से पहले कुछ और फैंस के साइन भी करते हैं। लेकिन वायरल तस्वीर में आरसीबी की जर्सी को एडिट करके पाकिस्तान की सफेद बॉल क्रिकेट जर्सी बना दिया गया, जिससे लोगों में भ्रम फैल गया और यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
Virat Kohli giving autograph to his fan who is from Karachi Pakistan. pic.twitter.com/MfVP2f2sSe
— Cricket Lovers (@Criclovers554) October 16, 2025
वहीं, भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज़ से पहले पर्थ में अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दौरे में तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे। टीम के सीनियर खिलाड़ी—रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल- नेट्स पर प्रैक्टिस करते नजर आए। यह तीनों खिलाड़ी 2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौट रहे हैं। खास बात यह रही कि कोहली बेहतरीन लय में दिखे और पूरे अभ्यास सत्र में शानदार टाइमिंग के साथ बल्लेबाजी की। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने भी नेट्स पर अभ्यास किया।
भारतीय टीम बुधवार सुबह दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुई थी, जबकि विराट कोहली और रोहित शर्मा एक दिन पहले ही राजधानी में टीम से जुड़ गए थे। तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत रविवार को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में होगी। इसके बाद बाकी दो मुकाबले 23 और 25 अक्टूबर को खेले जाएंगे। वहीं, पाँच मैचों की टी20 सीरीज़ 29 अक्टूबर से शुरू होकर 8 नवंबर तक चलेगी।े
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।