ऑस्ट्रेलिया की स्टार क्रिकेटर एश्ले गार्डनर विवादों में, पत्नी ने लगाया धोखा देने के आरोप!

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान एश्ले गार्डनर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी पत्नी मोनिका राइट ने उन पर बेवफाई के आरोप लगाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों अलग हो गए थे

अपडेटेड Jul 14, 2026 पर 2:25 PM
शादी टूटने की खबरों के बीच मामले ने नया मोड़ ले लिया

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान एश्ले गार्डनर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उनकी पत्नी मोनिका राइट ने सोशल मीडिया पर गार्डनर पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए कई गंभीर दावे किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले साल अप्रैल में शादी के कुछ ही महीनों बाद वह अपनी पत्नी मोनिका राइट से अलग हो गईं। अब राइट की सार्वजनिक पोस्ट के बाद ये मामला फिर चर्चा का विषय बन गया है। बताया जा रहा कि दोनों की पहली मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और 2024 में दोनों ने एक-दूसरे को प्रपोज करने के बाद शादी की थी।

शादी टूटने की खबरों के बीच मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब मोनिका राइट ने सार्वजनिक रूप से एश्ले गार्डनर पर बेवफाई का आरोप लगाया। राइट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जॉर्जिया वोल की एक तस्वीर शेयर शेयर करते हुए लिखा, "यही वह महिला है, जिसके साथ मेरी पत्नी ने मुझे धोखा दिया..."

कब हुई थी शादी


एश्ले गार्डनर और उनकी लंबे समय की पार्टनर मोनिका राइट ने अप्रैल 2025 में शादी की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी के कुछ ही महीनों बाद दोनों के रिश्ते में तनाव शुरू हो गया। बताया जा रहा कि उस समय ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम वनडे विश्व कप के लिए भारत दौरे पर थी। डेली मेल ने एक सूत्र के हवाले से दावा किया कि जब राइट भारत में गार्डनर से मिलने पहुंचीं, तभी उन्हें रिश्ते में कुछ गड़बड़ी का एहसास हुआ।

दोनों के बीच हुई बातचीत

अंदरूनी सूत्र ने बताया, "सब कुछ थोड़ा अजीब लग रहा था। ऐसा महसूस हो रहा था कि ऐश के साथ कुछ ठीक नहीं है, लेकिन हमें लगा कि शायद यह विश्व कप के दबाव की वजह से होगा।" रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया लौटने के बाद दोनों के बीच इस मामले पर बातचीत हुई। सूत्र के अनुसार, घर पहुंचने के बाद गार्डनर ने राइट से कहा, "क्या हम थोड़ी बात कर सकते हैं?" इसके बाद उन्होंने उन्हें बैठाकर अपने व्यवहार की वजह बताई। रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम से मोनिका राइट पूरी तरह टूट गईं और काफी परेशान थीं।

घर छोड़कर चली गई

दावा किया गया कि अलग होने से पहले दोनों परिवार बढ़ाने की योजना भी बना रहे थे। एक अंदरूनी सूत्र के हवाले से बताया गया, "दोनों फर्टिलिटी क्लिनिक जाने वाले थे। उनकी अपॉइंटमेंट भी तय थी, लेकिन मोनिका को उसे रद्द करना पड़ा।" रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि एश्ले गार्डनर बाद में उस घर को छोड़कर चली गईं, जहां दोनों साथ रहते थे। सूत्र के मुताबिक, "एक दिन ऐश घर छोड़कर चली गईं। जब मोनिका वापस आईं तो घर से ऐश का सारा सामान गायब था। सिर्फ उनकी शादी की अंगूठियां अलमारी में रखी थीं। वहां केवल अंगूठियों का डिब्बा बचा था।"

रिपोर्ट में आगे दावा किया गया कि जब एश्ले गार्डनर को महिला बिग बैश लीग (WBBL) में सिडनी सिक्सर्स का कप्तान बनाया गया, तब इस पूरे मामले की जानकारी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नेशनल सिलेक्शन पैनल (NSP) को भी दी गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।