Axar Patel: टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हुए अक्षर पटेल

Axar Patel: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले बाकी दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। अक्षर पटेल 14 दिसंबर को धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भी नहीं खेल पाए थे। बीसीसीआई ने अक्षर पटेल की जगह शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है

अपडेटेड Dec 15, 2025 पर 8:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अक्षर पटेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए पहले दो टी20 मैच खेले और इनमें कुल तीन विकेट लिए

Axar Patel: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले चौथे मुकाबले से पहले ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लेकर बड़ी खबर आ रही है। अक्षर पटेल साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले बाकी दो मुकाबलों के लिए भी उपलब्ध नहीं रहेंगे। तबीयत खराब होने की वजह से अक्षर पटेल साउथ अफ्रीका के खिलाफ बचे हुए दो टी20 मैचों से बाहर हो गए हैं। अक्षर पटेल 14 दिसंबर को धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भी नहीं खेल पाए थे। बीसीसीआई ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। ये मैच 17 दिसंबर को लखनऊ और 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

इसी बीच मेन्स सीनियर चयन समिति ने आखिरी दो टी20 मैचों के लिए अक्षर पटेल की जगह शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है। फिलहाल अक्षर टीम के साथ लखनऊ में ही मौजूद हैं, जहां डॉक्टर उनकी सेहत की आगे जांच करेंगे और उसी के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।

बीसीसीआई ने जानकारी


बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज में कहा, “टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ बाकी दो IDFC फर्स्ट बैंक टी20 मैचों से बाहर हो गए हैं। हालांकि वह टीम के साथ लखनऊ में मौजूद हैं, जहां उनकी सेहत का आगे मेडिकल आकलन किया जाएगा।” रिलीज में आगे कहा गया, “मेन्स चयन समिति ने लखनऊ और अहमदाबाद में होने वाले टी20 मुकाबलों के लिए अक्षर की जगह शाहबाज अहमद को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।”

 

सीरीज में अक्षर का प्रदर्शन

अक्षर पटेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए पहले दो टी20 मैच खेले और इनमें कुल तीन विकेट लिए। सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 7 रन देकर 2 विकेट लिए और साथ ही बल्लेबाजी में 23 रन भी बनाए। वहीं 11 दिसंबर को मुल्लांपुर में हुए दूसरे मैच में उन्होंने एक साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज़ को आउट किया और 214 रन का लक्ष्य हासिल करते समय नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए 21 रन बनाए।

अक्षर पटेल के नहीं खेलने पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। 31 साल के इस स्पिन गेंदबाज ने दो विकेट लेकर अच्छा खेल दिखाया।

शाहबाज का रिकॉर्ड

अक्षर की जगह टीम में शामिल किए गए शाहबाज अहमद अब तक भारत के लिए तीन वनडे और दो टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। हालांकि टीम इंडिया के लिए उनका आखिरी मैच सितंबर 2023 में एशियन गेम्स के दौरान हांगझोउ में अफगानिस्तान के खिलाफ था। टी20 फॉर्मेट में उन्होंने अब तक दो बल्लेबाजों को आउट किया है, लेकिन उन्हें अभी तक बल्ले से खेलने का मौका नहीं मिला है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।