टी20 वर्ल्ड के बाद डैमेज कंट्रोल करने में जुटा बांग्लादेश! रिश्ते सुधारने के लिए BCCI से साधा संपर्क

BCB: रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से बात शुरू करने के लिए संपर्क किया है, ताकि सितंबर में होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज तय समय पर हो सके। टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े फैसलों के बाद दोनों के रिश्ते खराब हो गए थे, लेकिन अब उन्हें सुधारने की कोशिश की जा रही है

अपडेटेड Apr 04, 2026 पर 10:15 PM
Story continues below Advertisement
टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े फैसलों के बाद दोनों बोर्ड के संबंधों में खटास आ गई थी।

भारत और बांग्लादेश के बीच हाल के दिनों में बढ़ा क्रिकेट विवाद अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भारत के साथ रिश्ते सुधारने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से संपर्क किया है, ताकि सितंबर में होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज तय कार्यक्रम के अनुसार हो सके। बता दें टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े फैसलों के बाद दोनों बोर्ड के संबंधों में खटास आ गई थी। अब हालात को सुधारने के लिए बातचीत शुरू करने की कोशिश की जा रही है।

बीसीबी ने बीसीसीआई को लिख पत्र

बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया, "हां, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को एक पत्र भेजा है। ये सिर्फ सितंबर में भारतीय पुरुष टीम के बांग्लादेश के व्हाइट-बॉल दौरे से जुड़ा नहीं है, बल्कि पुरुषों के 50 ओवर एशिया कप को लेकर भी है, जिसकी मेजबानी अगले साल बांग्लादेश करने वाला है।"


क्यों हुआ था विवाद

बता दें दोनों देशों के बीच तनाव उस समय बढ़ा था जब बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था। बताया गया कि यह कदम मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में खेलने की अनुमति न मिलने से जुड़ा था, हालांकि बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। बीसीबी ने अपने मैच श्रीलंका में कराने की बात कही थी, लेकिन आईसीसी ने इसे मानने से इनकार कर दिया। आईसीसी ने साफ कहा कि भारत में टीम की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।

आर्थिक स्थिती को मजबूत करने के लिए अहम

माना जा रहा है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत की टीम की मेजबानी करने के लिए काफी एक्साइटेड है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय टीम के छह व्हाइट-बॉल मैचों से उसे अच्छा आर्थिक फायदा होने की उम्मीद है। इन मैचों के जरिए टीवी और डिजिटल ब्रॉडकास्ट राइट्स से मिलने वाली कमाई बोर्ड की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती है, इसलिए वह इस सीरीज को करवाने में खास दिलचस्पी दिखा रहा है।

9 अप्रैल पर होगी नजर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, "टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने के मामले की जांच कर रही कमेटी 9 अप्रैल को सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। ये देखना दिलचस्प होगा कि रिपोर्ट आने के बाद अमीनुल इस्लाम बुलबुल का क्या रुख रहता है। अगर हालात बदलते हैं तो एक अंतरिम बोर्ड जिम्मेदारी संभालेगा और 90 दिनों के भीतर नए चुनाव कराए जाएंगे। साथ ही सभी की नजरें बांग्लादेश के विदेश मंत्री के दिल्ली दौरे पर भी रहेंगी।"

जल्द खत्म हो सकता है अमीनुल इस्लाम का कार्यकाल

बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल का कार्यकाल जल्द खत्म हो सकता है। बीसीबी की हालिया बैठकों में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पद के लिए मजबूत उम्मीदवार हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।