टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश को लेकर आईसीसी ने अब अपना अंतिम फैसला सुना दिया है। आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड से रिप्लेस कर दिया है। इसके साथ ही बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है। बता दें कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के बीच काफी विवाद चल रहा था। बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत न आने की जिद पर अड़ा हुआ था।
ICC ने 23 जनवरी को बताया कि, T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्कॉटलैंड को आधिकारिक तौर पर चुना गया है। स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह शामिल किया गया है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस ICC टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था। उनका कहना था कि ICC ने उनकी सुरक्षा चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया। 24 जनवरी को मिली जानकारी के अनुसार, ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को पत्र भेजकर बताया कि उनकी जगह स्कॉटलैंड को चुना गया है। इससे पहले शुक्रवार को दुबई में ICC की एक अहम बैठक हुई थी। यह बैठक ICC चेयरमैन जय शाह ने बुलाई थी, जिसमें बांग्लादेश और टूर्नामेंट में उसकी भागीदारी के भविष्य पर चर्चा की गई।
बता दें कि, आखिरी कोशिश के तौर पर बांग्लादेश ने ICC को एक पत्र लिखकर इस मामले को विवाद समाधान समिति के पास भेजने की मांग की थी। हालांकि, समिति ने साफ किया कि वह अपील फोरम की तरह काम नहीं कर सकती। इसके बाद ICC ने अपने अंतिम फैसले पर आगे बढ़ने का निर्णय लिया।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड को ग्रुप C में जगह मिली है। इससे स्कॉटलैंड के लिए टूर्नामेंट में खेलने का रास्ता साफ हो गया है। स्कॉटलैंड अब तक पांच बार T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुका है।
स्कॉटलैंड ने 2022 और 2024 के T20 वर्ल्ड कप में भी खेला था। हालांकि टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वह सुपर 8 चरण तक नहीं पहुंच सकी। 2024 के वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड ने टूर्नामेंट से बाहर होने से पहले ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों को कड़ी चुनौती दी थी। स्कॉटलैंड यूरोपीय क्वालिफायर का भी हिस्सा था, लेकिन वहां उसे इटली, नीदरलैंड और जर्सी से पीछे रहना पड़ा।