T20 World Cup 2026: ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का आयोजन 7 फरवरी 2026 से होगा, वहीं इसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च 2026 को खेला जाएगा। इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। वहीं इस टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों के वजह से भारत में खेलने से मना कर दिया है। वहीं बांग्लादेश बोर्ड ने आईसीसी से बांग्लादेश के मैच भारत के बाहर करने की मांग की है। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए नया शेड्यूल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने ग्रुप C के मैच भारत से बाहर कराने की अपील की थी। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश को तीन मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मैच खेलने थे, जबकि एक मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना तय था। अब इन मैचों के वेन्यू में बदलाव पर विचार किया जा रहा है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने जय शाह की अगुवाई में नया शेड्यूल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये कदम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की मांग के बाद उठाया गया है। BCB ने रविवार दोपहर एक आपात बैठक के बाद बयान जारी कर बताया कि उसने ICC से औपचारिक रूप से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के सभी मैच भारत के बाहर किसी अन्य स्थान पर कराने पर विचार किया जाए। बांग्लादेश बोर्ड ने ये फैसला मुस्तफिज़ुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से हटाए जाने के बाद लिया है।
BCB ने प्रेस रिलीज कर दी जानकारी
BCB की रिलीज में कहा गया, “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की रविवार दोपहर एक इमरजेंसी मीटिंग हुई, जिसमें भारत और श्रीलंका में होने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े हालिया डेवलपमेंट पर चर्चा की गई। बोर्ड ने पिछले 24 घंटों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और भारत में खेले जाने वाले मैचों में बांग्लादेश राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को लेकर गंभीर चिंता जताई।" बयान में आगे कहा गया कि "मौजूदा हालात और भारत में टीम की सुरक्षा को लेकर बढ़ती आशंकाओं और बांग्लादेश सरकार की सलाह पर विचार करने के बाद यह फैसला लिया गया है कि मौजूदा हालात में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम टूर्नामेंट के लिए भारत नहीं आएगी।”
रिलीज में आगे कहा गया कि इस फैसले के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टूर्नामेंट की आयोजक संस्था इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल से औपचारिक रूप से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के सभी मैच भारत के बाहर किसी अन्य स्थान पर कराने पर विचार किया जाए। बोर्ड का मानना है कि खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा और भलाई के लिए ये कदम जरूरी है, ताकि टीम सुरक्षित और अनुकूल माहौल में टूर्नामेंट में हिस्सा ले सके। BCB ने उम्मीद जताई है कि ICC हालात को समझेगा और इस मुद्दे पर जल्द फैसला लेगा।"
ग्रुप C में बांग्लादेश के मैच
7 फरवरी 2026: वेस्टइंडीज के खिलाफ, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
9 फरवरी 2026: इटली के खिलाफ, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
14 फरवरी 2026: इंग्लैंड के खिलाफ, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
17 फरवरी 2026: नेपाल के खिलाफ, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई