मुस्तफिजुर विवाद के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC से कर दी बड़ी डिमांड! T20 वर्ल्ड कप के मुंबई में होने वाले मैच पर संकट के बादल

Bangladesh Cricket Board: दोनों देशों के बीच रिश्तों में कड़वाहट की वजह केवल क्रिकेट नहीं, बल्कि गंभीर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे है। पिछले महीने बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में एक हिंदू फैक्ट्री कर्मचारी दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और उन्हें आग लगा दी गई। इस घटना के विरोध में नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर भारी प्रदर्शन हुए

अपडेटेड Jan 04, 2026 पर 12:21 PM
अगले महीने से शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका एकसाथ कर रहे है

T20 World Cup: भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव का असर अब खेल के मैदान पर भी दिखने लगा है। ESPNCricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में होने वाले अपने वर्ल्ड कप मैचों को किसी अन्य देश में शिफ्ट करने की मांग कर रहा है। बता दें कि अगले महीने से शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका एकसाथ कर रहे है।

क्यों उठी मैच शिफ्ट करने की मांग?

BCB ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई है और वे जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिख सकते है। इसके पीछे का मुख्य कारण मुस्तफिजुर रहमान को लेकर विवाद है। बीते दिन BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया। बांग्लादेश इसे अपमानजनक और भेदभावपूर्ण मान रहा है। BCB का कहना है कि भारत में मौजूदा माहौल उनके खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित नहीं है। वे कोलकाता में होने वाले अपने 3 मैचों को किसी अन्य देश संभवतः श्रीलंका या UAE में स्थानांतरित कराना चाहते हैं।


रिपोर्ट के अनुसार, BCB मुस्तफिजुर को निकाले जाने पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड से औपचारिक स्पष्टीकरण भी मांगेगा।

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा है तनाव की जड़

दोनों देशों के बीच रिश्तों में कड़वाहट की वजह केवल क्रिकेट नहीं, बल्कि गंभीर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे है। पिछले महीने बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में एक हिंदू फैक्ट्री कर्मचारी दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और उन्हें आग लगा दी गई। इस घटना के विरोध में नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर भारी प्रदर्शन हुए। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत में शरण लेने के बाद से ही ढाका और दिल्ली के बीच संबंध तनावपूर्ण बने हुए है।

ICC के सामने क्या हैं विकल्प?

बांग्लादेश अब उसी तरह की मांग कर रहा है जैसा पिछले साल हुआ था। पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान जाने से मना कर दिया था, जिसके बाद भारत के मैच UAE में शिफ्ट किए गए थे। बांग्लादेश भी अब इसी 'न्यूट्रल वेन्यू' मॉडल की मांग कर रहा है। बता दें कि बांग्लादेश को कोलकाता में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और इटली के खिलाफ खेलना है, जबकि आखिरी ग्रुप मैच मुंबई में नेपाल के खिलाफ प्रस्तावित है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।