पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज खत्म हो गई है। तीन मैचों की इस सीरीज को 2-1 से बांग्लादेश ने अपने नाम किया है। वहीं इस जीत के साथ बांग्लादेश की 2027 आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालिफाई करने की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं मार्च 2026 तक बांग्लादेश की टीम आईसीसी वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने के बाद रैंकिंग अपडेट होने पर बांग्लादेश 9वें स्थान पर पहुंच सकता है। आईसीसी ने अभी ताजा रैंकिग जारी नहीं की है।
टीम के पूर्व कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कहा कि अगर खिलाड़ी एकजुट होकर और पूरे फोकस के साथ खेलते रहे, तो टीम के पास बड़े टूर्नामेंट के लिए सीधी जगह हासिल करने का अच्छा मौका है।
सीधे कर सकते हैं क्वालिफाई
नजमुल हुसैन शांतो ने ESPNcricinfo से कहा, “यह हमारे लिए एक नई शुरुआत की तरह है। किसी भी तरह से देखें तो हमारा सबसे बड़ा टारगेट 2027 वर्ल्ड कप तक पहुंचना है। अगर हम टीम के तौर पर एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं, तो यह बिल्कुल संभव है। हमें बाहरी बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और इस खिलाड़ियों के समूह के साथ धैर्य बनाए रखना होगा। अगर हम अपने लंबे समय के लक्ष्य पर टिके रहेंगे, तो सफलता जरूर मिलेगी।”
क्या है क्वालिफाई करने के नियम
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालिफिकेशन मुख्य रूप से आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर तय होगा। इस टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें खेलेंगी। वर्ल्ड कप 2027 में मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधे जगह मिलेगी। इसके अलावा 31 मार्च 2027 तक वनडे रैंकिंग में टॉप 8 टीमें भी सीधे वर्ल्ड कप में पहुंच जाएंगी। बाकी चार टीमों का फैसला 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप क्वालिफायर के जरिए होगा, जहां अलग-अलग टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।
टीम के कप्तान ने क्या कहा
टीम के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने कहा कि टीम को सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने के लिए वनडे में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है। मेहदी हसन मिराज ने कहा, “हमें अपने रैंकिंग पॉइंट्स पर ध्यान देना होगा। आने वाले समय में यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे हमें 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालिफाई करने में मदद मिल सकती है। इसलिए हम अभी मैच जीतने और सीरीज अपने नाम करने पर पूरा ध्यान दे रहे हैं।”