बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में इस समय उथल-पुथल मची हुई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के डायरेक्टर अमजद हुसैन ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह फैसला तब लिया जब उन्हें मीडिया और कम्युनिकेशन कमेटी के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। इसके बाद बोर्ड ने इस पद पर मोहम्मद मोख्सेदुल कमाल को नया चेयरमैन बना दिया है। बता दें बांग्लादेश की नई सरकार ने पहले ही संकेत दिया था कि वह पिछले साल हुए बीसीबी चुनावों में हुई कथित अनियमितताओं की जांच करेगी।
क्रिकबज के अनुसार अमजद हुसैन ने कहा, “"मुझे पक्का नहीं पता कि मुझे मेरे पद (BCB मीडिया कमिटी चेयरमैन के तौर पर) से क्यों हटाया गया या मेरी क्या कमी थी। सिर्फ इतना कहा गया कि मुझे बदलने का फैसला किया गया है, जिसके बाद मैंने बोर्ड से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।” उन्होंने आगे कहा, “आप इसे मेरे विरोध के तौर पर देख सकते हैं।” अमजद हुसैन ने भी माना कि प्रीमियर लीग क्लबों की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर कुछ चिंताएं सामने आई हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “पहले कई प्रीमियर लीग क्लबों के प्रतिनिधि होते थे, लेकिन इस बार उनकी संख्या कम है। कई उम्मीदवारों ने चुनाव से नाम वापस ले लिया, जो पहले कम ही देखने को मिलता था। भागीदारी के लिहाज से यह प्रक्रिया और ज्यादा पारदर्शी हो सकती थी, इसे बेहतर बनाया जा सकता था। ऐसे सवाल उठना कोई अजीब बात नहीं है।”
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को पूर्व कप्तान हबीबुल बशर को पुरुष सिलेक्शन कमिटी का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। उन्होंने गाजी अशरफ की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। इसके अलावा, पूर्व क्रिकेटर नईम इस्लाम और नादिफ चौधरी को भी चयन समिति में शामिल किया गया है, जबकि हसीबुल हुसैन को चार सदस्यीय टीम का हिस्सा बनाया गया है। इस समिति का कार्यकाल 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक रहेगा।
पीएसएल में खेलने की दी इजाजत
इस बीच, सुरक्षा को लेकर उठ रही चिंताओं के बावजूद बांग्लादेश सरकार ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने की मंजूरी दे दी है, ताकि वे पीएसएल में हिस्सा ले सकें। क्रिकबज के अनुसार, एक सरकारी अधिकारी ने बताया, “हमने पाकिस्तान के हालात को लेकर विदेश मंत्रालय से बातचीत की, जिसके बाद इस्लामाबाद स्थित हमारे हाई कमीशन से भी जानकारी ली गई। वहां से भरोसा मिलने के बाद हमने खिलाड़ियों को पीएसएल में खेलने की अनुमति देने का फैसला किया।”