बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की फाइनेंस कमेटी के अध्यक्ष एम. नजमुल इस्लाम अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। एम. नजमुल इस्लाम ने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज तमीम इकबाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे राजनीतिक और क्रिकेट से जुड़े विवाद पर तमीम की टिप्पणियों से ऐसा लगता है जैसे वह भारत का पक्ष ले रहे हों। इसी को लेकर नजमुल इस्लाम ने उन्हें ‘इंडियन एजेंट’ तक कह दिया। इस बयान के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से जुड़े मामलों में विवाद और तेज हो गया है।
नजमुल के सोशल मीडिया पोस्ट से मचा बवाल
एम. नजमुल इस्लाम ने सोशल मीडिया पर इकबाल के बारे में कहा, “इस बार, बांग्लादेश के लोगों ने अपनी आंखों से एक और साबित इंडियन एजेंट को उभरते हुए देखा।” इस्लाम के इस बयान पर बांग्लादेश के क्रिकेट जगत में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। इस टिप्पणी की न सिर्फ पूर्व क्रिकेटरों ने कड़ी आलोचना की, बल्कि क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश ने भी इसका सख्त विरोध जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और क्रिकेट के हितों के खिलाफ बताया।
तमीम इकबाल ने क्या कहा था
तमीम इकबाल ने कहा था कि बातचीत से ज्यादातर मसले हल हो सकते हैं। क्रिक बज को दिए इंटरव्यू में तमीम ने BCB से कहा था कि "अगले महीने भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में नेशनल टीम के हिस्सा लेने पर फैसला करते समय 'पब्लिक इमोशन' में न बहें। ऐसे किसी भी फैसले का असर अगले दस साल तक पड़ सकता है।"
तमीम ने आगे कहा, "अभी हालात थोड़े नाजुक हैं और अभी अचानक कोई कमेंट करना मुश्किल है। लेकिन एक बात आपको ध्यान में रखनी चाहिए कि अगर सब लोग साथ आएं तो कई मसले अक्सर बातचीत से हल हो सकते हैं।" तमीम ने कहा, "आपको यह सोचना होगा कि वर्ल्ड क्रिकेट में बांग्लादेश की क्या जगह है और बांग्लादेश क्रिकेट का भविष्य क्या हो सकता है और फिर उसी हिसाब से फैसले लेने होंगे।" तमीम का ये बयान उस वक्त आया, जब बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी को पत्र लिखकर भारत यात्रा को लेकर अपनी चिंता जताई थी।
CWAB ने अपने बयान में कहा कि, "BCB के डायरेक्टर एम नजमुल इस्लाम का पुराने नेशनल कप्तान तमीम इकबाल के बारे में किया गया कमेंट CWAB के ध्यान में आया है। हम इससे हैरान, शॉक्ड और गुस्से में हैं। बांग्लादेश के इतिहास के सबसे सफल ओपनर, जिसने 16 साल तक देश को रिप्रेजेंट किया के बारे में बोर्ड के किसी अधिकारी का ऐसा कमेंट पूरी तरह से निंदनीय है।" CWAB ने साफ किया कि, "इस तरह की भाषा न सिर्फ तमीम जैसे सीनियर खिलाड़ी के लिए, बल्कि किसी भी क्रिकेटर के लिए स्वीकार्य नहीं है और यह पूरे बांग्लादेशी क्रिकेट समुदाय का अपमान है।"
CWAB ने अपने बयान में कहा कि, "हम इस तरह की टिप्पणी का सख्त विरोध करता है। जब कोई जिम्मेदार बोर्ड डायरेक्टर पब्लिक प्लेटफॉर्म पर ऐसे बयान देता है, तो इससे बोर्ड अधिकारियों के कोड ऑफ कंडक्ट पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।" CWAB ने यह भी बताया कि "वह इस मामले में पहले ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष को औपचारिक विरोध पत्र सौंप चुका है, जिसमें संबंधित डायरेक्टर से सार्वजनिक माफी मंगवाने और उनके खिलाफ जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि बीसीबी अध्यक्ष इस मामले में जल्द और सही कदम उठाएंगे।"