T20 World Cup: वेन्यू चेंज को लेकर आईसीसी से बांग्लादेश को नहीं मिला कोई जवाब, BCB चीफ ने किया खुलासा

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में होना है। BCB ने सुरक्षा चिंताओं के चलते अपने मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की है। BCB अध्यक्ष ने बताया कि अब तक आईसीसी की तरफ से इस पर कोई जवाब नहीं मिला है

अपडेटेड Jan 10, 2026 पर 10:39 PM
Story continues below Advertisement
BCB प्रमुख ने कहा कि बोर्ड आगे कोई भी फैसला लेने से पहले आईसीसी के जवाब का इंतजार करेगा

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाएगा। इस बड़े टूर्नामेंट का आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जा रहा है। बांग्लादेश बोर्ड ने आईसीसी से बांग्लादेश के मैच भारत के बाहर श्रीलंका में कराने की मांग की है। BCB ने ICC से मैच को भारत से बाहर करवाने का अनुरोध किया है। वहीं BCB के प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने बताया की बोर्ड ने आने वाले टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत में खेलने को लेकर जो चिंताएं जताई थीं, उन पर अब तक आईसीसी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने साफ कहा कि इस मुद्दे पर BCB की सोच में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है और बोर्ड पहले जैसी ही स्थिति पर कायम है।

7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और अपने मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया है। बीसीबी का ये फैसला केकेआर के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से रिलीज करने के बाद आया।

भारत में नहीं खेलना मैच


BCB प्रमुख ने साफ कहा कि, बोर्ड अपनी बात ग्लोबल क्रिकेट संस्था के सामने स्पष्ट रूप से रख चुका है और ये भी बताया कि भारत के भीतर किसी दूसरे शहर में मैच कराने से उनकी चिंता दूर नहीं होगी। उन्होंने कहा कि “आखिर में कोई भी दूसरा इंडियन वेन्यू इंडियन वेन्यू ही है। आप सब जानते हैं कि कोई भी एकतरफा फैसला नहीं लिया जा सकता और हमें सरकार का हुक्म मानना ​​होगा। हम वहीं खड़े हैं जहां कुछ दिन पहले थे।” उन्होंने आगे कहा, "मैंने हैदराबाद और चेन्नई के रिप्लेसमेंट वेन्यू होने के बारे में नहीं सुना है। हमें शायद सोमवार या मंगलवार को पता चल जाएगा।”

अगर इजाजत नहीं मिला तो क्या करेंगे

BCB प्रमुख ने कहा कि बोर्ड आगे कोई भी फैसला लेने से पहले आईसीसी के जवाब का इंतजार करेगा। उन्होंने कहा कि, "अगर हमें श्रीलंका में खेलने की इजाजत नहीं मिली तो हम क्या करेंगे। इस पर तब तक कुछ भी कहना सही नहीं होगा, जब तक ICC की ओर से आधिकारिक जवाब नहीं आ जाता।"

नेशनल टीम पर भरोसा जताते हुए बुलबुल ने कहा कि बांग्लादेश में अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा, "मेरा मानना ​​है कि बांग्लादेश वर्ल्ड क्रिकेट में एक बड़ी टीम है। हमने 2015 ODI वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल खेले हैं, हमने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल खेले हैं और सब-कॉन्टिनेंटल कंडीशन में हमारे पास अच्छा करने का अच्छा मौका है।"

तमीम विवाद को लेकर क्या कहा

पूर्व कप्तान तमीम इकबाल से जुड़े हालिया विवाद पर भी बुलबुल ने अपना रिएक्शन दिया है। बुलबुल ने कहा, "यह डायरेक्टर की अपनी राय थी और मैंने उनसे सफाई देने को कहा है। तमीम ने बहुत कुछ हासिल किया है और उन्हें अपनी राय सबके सामने रखते समय यह बात ध्यान में रखनी चाहिए।

बांग्लादेश को लीग स्टेज में भारत में चार मैच खेलने हैं। इनमें से तीन मैच कोलकाता में होंगे, जिसमें 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ, 9 फरवरी को इटली के खिलाफ और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ। वहीं चौथा मुकाबला 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ खेला जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।