क्या बांग्लादेश दौरे पर जाएगी टीम इंडिया? सीरीज को लेकर BCB चीफ तमीम इकबाल का बड़ा अपडेट

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही भारत और बांग्लादेश बोर्ड के बीच सब कुछ ठीक हो जाएगा और भारतीय टीम सितंबर 2026 में सीमित ओवरों की सीरीज खेलने के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी। इस दौरे में दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाने की संभावना है

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 3:26 PM
भारत और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाने की संभावना है

भारत और बांग्लादेश बोर्ड के बीच पिछले काफी समय से तनाव जारी है। वहीं हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही भारत और बांग्लादेश बोर्ड के बीच सब कुछ ठीक हो जाएगा। वहीं इकबाल ने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम सितंबर 2026 में सीमित ओवरों की सीरीज खेलने के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी। इस दौरे में भारत और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाने की संभावना है। तमीम ने बताया कि इस सीरीज को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ लगातार बातचीत चल रही है और बांग्लादेश बोर्ड इस दौरे को अंतिम रूप देने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा पहले अगस्त 2025 में होना तय था, लेकिन बाद में दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड ने आपसी सहमति से इस सीमित ओवरों की सीरीज को सितंबर 2026 तक स्थगित कर दिया। दोनों बोर्डों ने शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया था। वहीं हाल ही में दोनों देशों के बीच तनाव के बाद इसे टाल दिया गया।

बीसीसीआई से चल रही बातचीत


क्रिकबज के मुताबिक तमीम इकबाल ने बुधवार को कहा, "फिलहाल भारत के खिलाफ सीरीज को लेकर मेरे पास कोई नई जानकारी नहीं है। BCCI के साथ हमारी बातचीत जारी है और दोनों बोर्डों के अधिकारियों के बीच लगातार ईमेल के जरिए संपर्क हो रहा है। इस सीरीज को आयोजित कराने के लिए हम अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रहे हैं।" इकबाल ने कहा, "भारत के खिलाफ सीरीज का अपना अलग ही रोमांच होता है। मेरा मानना है कि सिर्फ खिलाड़ियों ही नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रशंसकों और मीडिया के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास होता है।"

जल्द ही होगा फैसला

उन्होंने आगे कहा, "बांग्लादेश पूरी तरह सुरक्षित देश है और मुझे भरोसा है कि भारतीय टीम यहां खेलने आएगी। हमारी ओर से जो भी जरूरी प्रयास किए जा सकते हैं, हम कर रहे हैं। हालांकि, BCB अध्यक्ष होने के नाते मेरी कुछ सीमाएं भी हैं, जिनका मुझे पालन करना होता है। मैं अपनी जिम्मेदारी के दायरे में रहकर लोगों से लगातार बात कर रहा हूं और भारत-बांग्लादेश सीरीज के महत्व को समझाने की कोशिश कर रहा हूं।"

तमीम ने अंत में कहा, "कुछ फैसले ऐसे हैं जो मेरे नियंत्रण में नहीं हैं। अब तक BCCI के साथ हमारी बातचीत काफी सकारात्मक रही है। अंतिम फैसला उन्हें भी लेना है। उम्मीद है कि जल्द ही यह साफ हो जाएगा कि सीरीज होगी या नहीं।"

क्या था भारत और बाग्लांदेश के बीच विवाद

बता दें आईपीएल 2026 में बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को खेलने की अनुमति नहीं दी थी। वहीं इसके बाद बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था। बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। बीसीबी ने अपने मैच श्रीलंका में कराने की बात कही थी, लेकिन आईसीसी ने इसे मानने से इनकार कर दिया। आईसीसी ने साफ कहा था कि भारत में टीम की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।