भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2025-26 के लिए खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है। इस बार कुल 30 खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी गई है। वहीं इस बार बोर्ड ने बड़ा बदलाव करते हुए A+ कैटेगरी को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। बीसीसीआई की जारी नई लिस्ट में खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट को अब तीन कैटेगरी A, B और C में बांट दिया है। वहीं पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा को 2025-26 के लिए सालाना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में बड़ा बदलाव झेलना पड़ा है।
बीसीसीआई की नई लिस्ट में 3 खिलाड़ी 'ए' ग्रेड में हैं, 11 खिलाड़ियों को 'बी' ग्रेड में रखा गया है, जबकि 16 खिलाड़ियों को 'सी' ग्रेड में शामिल किया गया है। वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा को अब B कैटेगरी में रखा गए हैं।
किसी कैटगरी में कौन से खिलाड़ी
इस बदलाव के बाद अब सबसे ऊंची A कैटेगरी में सिर्फ तीन खिलाड़ियों को जगह दी गई है। इसमें टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा शामिल हैं। बीसीसीआई की नई सूची में इन तीनों को टॉप श्रेणी में रखा गया है। B कैटेगरी में कुल 11 खिलाड़ियों को जगह मिली है। नई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी B कैटेगरी में रखा गया है। इसी श्रेणी में वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। वहीं C कैटेगरी में अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल सहित अन्य खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
विराट और रोहित को हुआ नुकसान
विराट कोहली और रोहित शर्मा का सबसे ऊंची कैटेगरी से हटना कोई बड़ी हैरानी की बात नहीं है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की नियम के अनुसार टॉप कैटेगरी उन खिलाड़ियों को दी जाती है जो टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों फॉर्मेट खेलते हैं। क्योंकि कोहली और रोहित अब टी20 मैच और टेस्ट मैच नहीं खेल रहे हैं, इसलिए उनका ऊपरी श्रेणी से नीचे आना पहले से ही तय माना जा रहा था।
बीसीसीआई ने A+ कैटेगरी को किया खत्म
पहले बीसीसीआई खिलाड़ियों के सालाना कॉन्ट्रैक्ट को चार ग्रेड A+, A, B और C में बांटता था, जो मैच फीस से अलग होते थे। पुराने नियम के अनुसार A+ ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये, A ग्रेड को 5 करोड़ रुपये, B ग्रेड को 3 करोड़ रुपये और C ग्रेड को 1 करोड़ रुपये मिलते थे। लेकिन अब A+ कैटेगरी को खत्म कर दिया गया है। ऐसे में नए ढांचे के तहत खिलाड़ियों को कितनी रकम मिलेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
A कैटेगरी: शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा।
B कैटेगरी: विराट कोहली, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर।
C कैटेगरी: अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई और रुतुराज गायकवाड़।