कौन हैं साईराज बहुतुले? जिन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट से पहले मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

IND vs AFG: भारतीय टीम 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ एकमात्र टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल टीम संभाल रहे हैं। वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कोचिंग स्टॉफ को लेकर बड़ी खबर आ रही है।

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 7:00 PM
भारत के पूर्व लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का नया स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया गया है

आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद भारतीय टीम अब अपने पहले टेस्ट अभियान की तैयारी में जुट गई है। भारतीय टीम 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। वहीं इसके बाद दोनों टीमों के बीच 14 से 20 जून तक तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित की जाएगी। अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं टेस्ट क्रिकेट में केएल राहुल को और वनडे टीम में श्रेयस अय्यर उपकप्तान की भूमिका दी गई है। वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कोचिंग स्टॉफ को लेकर बड़ी खबर आ रही है।

स्पिन गेंदबाजी कोच बने साईराज बहुतुले

भारत के पूर्व लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का नया स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया गया है। बीसीसीआई ने पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। वह अफगानिस्तान के खिलाफ 6 से 10 जून तक खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले टीम से जुड़ गए हैं। 53 वर्षीय बहुतुले अब सभी फॉर्मेट में भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजों के साथ काम करेंगे। इससे पहले वह आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।


कैसा रहा है साईराज बहुतुले का सफर

साईराज बहुतुले को पिछले कुछ वर्षों में कोचिंग में अच्छा एक्सपीरिएंस है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में केरल और बंगाल जैसी टीमों के साथ काम किया है। इसके अलावा, वह 2018 से 2021 के बीच आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा रहे। इसके बाद साईराज बहुतुले ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में भी अहम जिम्मेदारी निभाई। वहां उन्होंने इंडिया ए टीम के खिलाड़ियों के साथ काम किया और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भारतीय सीनियर टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा भी रहे।

बाद में वह आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े और फिर पंजाब किंग्स के कोचिंग सेटअप में अपनी नई भूमिका संभाली।

कैसा रहा है भारतीय टीम में प्रदर्शन

खिलाड़ी के रूप में साईराज बहुतुले ने 1997 से 2003 के बीच भारतीय टीम के लिए खेला। इस दौरान उन्हें दो टेस्ट और आठ वनडे मैचों में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। हालांकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्हें ज्यादा अवसर नहीं मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट खेलते हुए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 600 से अधिक विकेट हासिल किए, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में भी उन्होंने बड़ी संख्या में विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी।

भारतीय टीम में अपनी नई जिम्मेदारी के तहत साईराज बहुतुले हेड कोच गौतम गंभीर और कोचिंग स्टाफ के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर काम करेंगे। मौजूदा समय में टीम इंडिया का प्रदर्शन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। हाल के वर्षों में भारत को घरेलू मैदान पर भी कुछ निराशाजनक नतीजों का सामना करना पड़ा है। टीम अपनी पिछली कुछ टेस्ट सीरीज हार चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।